एआईएमआईएम ने महाराष्ट्र के अमरावती नगर निकाय में महापौर चुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवार का समर्थन करने पर पार्षद मीरा कांबले को पार्टी से बाहर कर दिया है। अमरावती नगर निगम के चुनाव में एआईएमआईएम को 12 सीटों पर जीत मिली थी।

एआईएमआईएम की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा कि कांबले ने पार्टी के रुख को नजरअंदाज करते हुए बीजेपी के महापौर पद के उम्मीदवार श्रीचंद तेजवानी का समर्थन किया।

जलील ने बताया कि इसके लिए एआईएमआईएम ने कांबले को पार्टी से निष्कासित कर दिया है और उन्हें अयोग्य घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

AIMIM के वोट से बीजेपी के श्रीचंद तेजवानी बने महापौर

जलील ने बताया कि अमरावती में पार्टी के पदाधिकारियों और नेताओं को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

श्रीचंद तेजवानी को मिली थी जीत

मीरा कांबले के एक वोट की वजह से बीजेपी के उम्मीदवार श्रीचंद तेजवानी को जीत मिली थी और वे अमरावती के नए मेयर चुने गए थे। इस जीत के साथ ही अमरावती महानगरपालिका में अब महायुति सत्ता में आ गई है। महायुति में बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) और युवा स्वाभिमान पार्टी (वाईएसपी) शामिल हैं। उपमहापौर पद पर वाईएसपी के सचिन भेंडे को चुना गया है।

नवनीत राणा को लेकर हुआ था विवाद

दूसरी ओर, कुछ दिन पहले अमरावती नगर निगम के चुनाव में बीजेपी के 22 उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को पत्र लिखा था। इन उम्मीदवारों ने पूर्व सांसद नवनीत राणा को पार्टी के खिलाफ प्रचार करने के आरोप में निष्कासित करने की मांग की थी।

इन 22 उम्मीदवारों में से दो उम्मीदवार 15 जनवरी को हुए निकाय चुनावों में जीत गए जबकि 20 को हार का सामना करना पड़ा था।

यह भी पढ़ें- अमरावती में हार गए सीएम फड़नवीस के करीबी रिश्तेदार