एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या को अनैतिक और गैर-कानूनी कृत्य करार दिया है। ओवैसी ने रविवार को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों की निंदा की।

हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि क्षेत्रीय अस्थिरता रोकने के लिए ईरान पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में एक करोड़ भारतीय काम करते हैं।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “रमजान के पवित्र महीने में ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू ने मिलकर ईरान पर हमला किया है… हम ईरान पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं। अगर वे जिनेवा समझौते पर सहमत होते तो ईरान के परमाणु भंडारों का इस्तेमाल नहीं होता… इस हमले में 200 से अधिक लोग मारे गए हैं… मैं खामेनेई की मृत्यु को अनैतिक और गैरकानूनी मानता हूं… हम इस युद्ध को समाप्त करने का आह्वान करते हैं। हमें उम्मीद है कि बीजेपी सरकार खामेनेई की मौत की निंदा करेगी और इस युद्ध को समाप्त करने का आह्वान करेगी।”

एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि ईरान पर इजरायल का हमला और अफगानिस्तान पर पाकिस्तान का हमला यह दर्शाता है कि इजरायल और पाकिस्तान अपने-अपने पड़ोस में उपद्रव की ताकतें हैं।

खामेनेई की मौत के बाद कई जगहों पर प्रदर्शन

अमेरिका-इजरायल के हमले में अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत होने के बाद कश्मीर से लेकर कर्नाटक तक, भारत के कई इलाकों में शिया समुदाय के लोग रविवार को सड़कों पर उतर आए। शिया समुदाय ने खामेनेई की मौत पर गुस्सा एवं दुख व्यक्त किया।

एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर के लाल चौक, सैदा कदल, बडगाम, बांदीपोरा, अनंतनाग और पुलवामा में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन हुए। कश्मीर में करीब 15 लाख शिया मुसलमान हैं। पंजाब के लुधियाना में भी विरोध-प्रदर्शन किए जाने और पुतले फूंके जाने की घटनाएं सामने आईं। विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने किया।

अजमेर में भी शिया समुदाय ने खामेनेई के मारे जाने पर तीन दिन का शोक मनाए जाने की घोषणा की। अजमेर के दोराई और तारागढ़ में दरगाह पर भी शोक सभाएं आयोजित की गईं। दिल्ली, बिहार, झारखंड और तेलंगाना में भी शोक रखा गया।

खामेनेई की मौत पर पाकिस्तान में गुस्सा

अयातुल्लाह अली खामेनेई के समर्थकों ने पाकिस्तान के कराची शहर में स्थित अमेरिकी दूतावास के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ भी की। इसके चलते आठ लोगों की मौत और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।