एम्स गोरखपुर की स्वास्थ्य सुविधाओं पर एकबार फिर गंभीर सवाल खड़ा हुआ है। अभी तक मरीजों की ओर से ही संसाधनों और सुविधाओं की कमी की बात कही जाती थी, लेकिन जब इस संस्थान की ही कार्यकारी निदेशक (ईडी) डॉक्टर विभा दत्ता को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा तो इस अस्पताल की पूरी ही पोल खुल गई।
जी हां, बुधवार को विभा दत्ता की अचानक तबियत बिगड़ गई। पहले तो उन्हें एम्स की इमरजेंसी में ही भर्ती कराया गया था, लेकिन वहां अपेक्षित उपचार नहीं होने की वजह से उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में रेफर कर दिया। प्राइवेट अस्पताल में उन्हें उचित ट्रीटमेंट मिल गया जिसके बाद उनकी सेहत में सुधार हो गया।
क्यों प्राइवेट अस्पताल ले जाने की पड़ी जरूरत?
एम्स गोरखपुर की मीडिया सेल के मुताबिक, विभा दत्ता की सभी रिपोर्ट सामान्य आई हैं और अब वह स्वस्थ्य हैं। गुरुवार को वह कार्यालय पहुंची और कामकाज भी किया। बता दें कि डॉक्टर विभा को एक निजी अस्पताल में इसलिए भर्ती कराया गया था क्योंकि एम्स गोरखपुर में सात साल बाद भी कैथ लैब नहीं बन पाई है। कैथ लैब होती तो विभा दत्ता को वहीं इलाज मिल जाता।
क्या हो गया था विभा दत्ता को?
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टर विभा दत्ता अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गई थीं। उन्हें तत्काल एम्स की इमरजेंसी में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उपचार शुरू किया। बाद में उन्हें निजी अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए एंबुलेंस के रास्ते को खाली कराया गया और चिकित्सकों की टीम के साथ उन्हें दूसरे अस्पताल पहुंचाया गया।
अक्सर मरीजों को भी रेफर कर दिया जाता है
इस घटना की चर्चा खूब हो रही है। मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच भी इसे लेकर सवाल उठते रहे। आमतौर पर गंभीर मरीज दूसरे अस्पतालों से रेफर होकर एम्स पहुंचते हैं, लेकिन यहां से कार्यकारी निदेशक को निजी अस्पताल भेजे जाने से संस्थान की तैयारी और उपचार सुविधाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
2019 में खुला था एम्स गोरखपुर
इस घटना के बाद कैथ लैब की अनुपलब्धता को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। एम्स की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी। सात साल बाद भी कैथ लैब न बन पाने का दंश का एम्स के ईडी को ही झेलना पड़ा। डा. विभा दत्ता ने 30 जनवरी 2025 को एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक का पदभार संभाला था। इससे पहले वह वर्ष 2018 से 2023 तक एम्स नागपुर की निदेशक रह चुकी हैं। वह गोरखपुर एम्स की पांचवीं कार्यकारी निदेशक हैं।
यह भी पढे़ं: गोरखपुर में पंकज चौधरी के घर पैदल क्यों गए थे पीएम मोदी? बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने सुनाया 3 साल पुराना किस्सा
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 7 जुलाई 2023 को गीता प्रेस के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे। हालांकि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पीएम मोदी अचानक केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के घर पहुंचे थे, जो काफी चर्चा में रहा था। बाद में पंकज चौधरी को बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया गया। अब एक पॉडकास्ट में पंकज चौधरी ने खुलासा किया है कि उन्होंने कैसे पीएम मोदी को निमंत्रण भेजा था और वह पैदल उनके घर क्यों पहुंचे थे? यहां पढ़ें पूरी खबर…
