Agra Crime News: यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 148 के पास शुक्रवार को मिली युवती के शव का शिनाख्त हो गया है। पुलिस ने AI की मदद से मृतका की तस्वीर बनाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। ऐसा करने के बाद पुलिस को सफलता मिली और युवती की पहचान महोबा निवासी सोनाली के रूप में हुई है।
मृतका का चेहरा हो गया था विकृत
रिपोर्ट्स के अनुसार उसके प्रेमी सनी ने पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या कर दी और शव को काले टेप से पैक करके कंबल में लपेटा और एक्सप्रेस वे के किनारे नाले में फेंक दिया। रविवार को पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, चोट लगने के कारण मृतका का चेहरा विकृत हो गया था।
ऐसे में पुलिस ने AI की मदद से एक साफ और स्पष्ट तस्वीर बनाई, जिससे वो आरोपी तक पहुंच सकी। बता दें कि स्थानीय लोगों ने शुक्रवार दोपहर पुलिस को यमुमा एक्सप्रेस-वे के खंदौली टोल प्लाजा से दो किमी. आगे सौरई गांव के पास एक नाले में कंबल में लिपटी हुई लाश होने की सूचना दी थी।
शव के हाथों में सुर्ख मेहंदी थी, पैरों में बिछुए थे, मांग में सिंदूर था। वहीं, हाथ पर सनी और आरएस गुदा हुआ था। मृतका के चेहरे पर गर्दन पर चोट के निशान थे। ऐसे में उसकी पहचान करने में मुश्किल हो रही थी। ऐसे में डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य कुमार ने मृतका की एआई की मदद से तस्वीर बनाई और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया।
सोशल मीडिया अकाउंट की स्क्रूटनी करने पर मृतका की तस्वीर सोनाली नाम की महिला से मैच हुई। खाते में पहले मध्यप्रदेश की लोकेशन मिली। हालांकि आईपी एड्रेस की जांच करने पर उसके दिल्ली में रहने का पता चला। सोनाली का खाता भी बीते दो दिन से एक्टिव नहीं था। ऐसे में पुलिस का शक और गहरा गया।
बिहार: खेलने गईं थी 5 लड़कियां, 4 की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; पुलिस कर रही मामले की जांच
जांच करने पर पता चला कि महिला विजयनगर महोबा की रहने वाली थी। शादी के बाद उसने पति को छोड़ दिया था और महोबा निवासी सनी के साथ चली गई थी। दोनों दिल्ली में जहांगीरपुरी में किराए के मकान में रहते थे। ऐसे में पुलिस दिल्ली पहुंची, लेकिन उक्त घर पर ताला लगा हुआ था। लेकिन पड़ोसियों ने यह पुष्टि की कि युवती सोनाली ही है। साथ ही उन्होंने नोएडा में रहने वाले सनी के भाई का पता भी दिया।
उन्होंने बताया कि परिवार मूलतः कानपुर का रहने वाला है। ऐसे में पुलिस ने सर्च ऑरपेशन शुरू किया और सनी को दबोच लिया। टीम उसे गिरफ्तार कर आगरा ले आई। इस संबंध में डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य कुमार ने कहा कि शव की शिनाख्त हो गई है। आरोपी के बारे में भी पता चल गया है। पूछताछ के बाद हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
