MCD Mayor: आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच खींचतान के रहते पिछले महीने दो असफल प्रयासों के बाद अब दिल्ली मेयर चुनाव 6 फरवरी को होंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा अपने नेता को मेयर पद के लिए चुनकर दिल्ली नगर निगम पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है, हालांकि हाल के चुनावों में आप ने भाजपा से कहीं अधिक सीटें जीती थीं। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने महापौर का चुनाव करने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) के हाउस सत्र की बैठक बुलाने पर सहमति व्यक्त की है।
MCD Mayor: दो बार टल चुके हैं चुनाव
समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि एमसीडी ने मेयर के चुनाव के लिए 250 सदस्यीय सदन में सत्र बुलाने के लिए 10 फरवरी की मांग की थी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा उपराज्यपाल से 6 फरवरी की तारीख तय करने की सिफारिश की गई थी। केजरीवाल सरकार ने तीन तारीखों- 3, 4 और 6 फरवरी का सुझाव दिया था।
आप और भाजपा नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक के कारण 6 जनवरी और 24 जनवरी को जब पार्षदों की बैठक हुई थी तो महापौर का चुनाव नहीं हो सका था। इसके साथ ही आप की मेयर पद की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर जल्द चुनाव कराने की मांग की है।
Manish Sisodia ने भाजपा पर लगाया आरोप
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में लोग एमसीडी चलाने पर भाजपा से नाखुश थे। लोगों ने अरविंद केजरीवाल की गारंटी पर भरोसा करते हुए आप को नगर निकाय संभालने के लिए वोट दिया था लेकिन अब भाजपा मेयर का चुनाव रोकने की साजिश कर रही है। दिसंबर में हुए एमसीडी चुनावों में आप स्पष्ट विजेता के रूप में उभरी, उसने 134 वार्डों में जीत हासिल की और निकाय निकाय में भाजपा के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया। बीजेपी ने 104 वार्ड जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया था जबकि कांग्रेस ने नौ सीटें जीतीं थी।