हिमाचल प्रदेश के चंबा में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां चंबा-पठानकोट नेशनल हाइवे पर सोमवार तड़के सुबह एक गाड़ी नीचे गहरी खाई में गिर गई है, हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

यह बड़ा हादसा तुनहट्टी इलाके के काकीरा घार के पास रात करीब तीन बजे हुआ, जब धर्मशाला से डलहौजी की ओर जा रही एक गाड़ी अनिंयत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मरने वाले पर्यटक गुजरात के बताए जा रहे हैं।

घायलों को टाडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

10 लोग गाड़ी में थे सवार

पुलिस के मुताबिक, हादसे वाली इनोवा क्रिस्टा गाड़ी में गुजरात के पर्यटक सवार थे। ये लोग मनाली से डलहौजा घूमने जा रहे थे। हादसे के दौरान इलाके में भारी बारिश हो रही थी। गाड़ी में ड्राइवर समेत 10 लोग सवार थे।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलाना ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौके पर मौत हो गई है, जबकि चार अन्य लोग घायल हैं, जिनके सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने सभी शवों को खाई से निकाल लिया है और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों के नाम किए गए जारी

प्रशासन ने मृतकों और घायलों के नाम जारी किए हैं। मृतकों के नाम ललितभाई पतनानी, ममताबेन ललितभाई पतनानी,काजल पत्नी प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी, दिव्यांश पुत्र कन्हैयाला भोपानी, प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी और जसवंत कुमार निवासी हिमाचल प्रदेश हैं।

वहीं, मयंक ललितभाई पतनानी, फोरमबेन मयंक पतनानी, जियान्श मयंक ललितभाई, प्रियांशी भोपानी घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है। ककीरा घार के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था।

यह भी पढ़ें: कुल्लू में गहराया गैस संकट, आधुनिक रसोई छोड़ पारंपरिक चूल्हों की ओर लौटे ग्रामीण; पर्यटन उद्योग प्रभावित

कुल्लू जिले की ऊझी घाटी में इन दिनों रसोई सिलेंडरों की भारी किल्लत ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। घाटी के दूरस्थ इलाकों में आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों के घरों और व्यावसायिक होटलों में रसोई का काम लगभग ठप हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोग एक बार फिर लकड़ी के चूल्हों और पारंपरिक ईंधन पर निर्भर होने को मजबूर हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें