उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की स्थानीय अदालत ने एक स्कूल बस ड्राइवर को 25 साल जेल की सजा सुनाई है। इस बस ड्राइवर पर AI का इस्तेमाल कर आठवीं क्लास की अश्लील तस्वीर बनाने और तस्वीर को व्हाट्सऐप पर भेजने का दोषी पाया गया है।
बलिया के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि यह मामला करीब डेढ़ साल पुराना है।
रिपोर्ट के अनुसार, बलिया के भीमपुरा थाने में पिछले साल सात मई को एक व्यक्ति की शिकायत पर देवलवीर गांव के संजीत कुमार के खिलाफ BNS और पॉक्सो से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
बस ड्राइवर ने छात्रा को धमकी भी दी
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी आठवीं कक्षा में पढ़ती है और संजीत कुमार स्कूल में अनुबंध पर वाहन चलाता है। छात्रा के स्कूल आने-जाने के दौरान आरोपी ने उसकी तस्वीरों का इस्तेमाल कर AI की मदद से अश्लील तस्वीरें बनाईं और उन्हें व्हाट्सऐप पर भेजा। उसके कुछ दोस्तों ने भी उनसे जुड़े लोगों को ये तस्वीरें भेजीं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक छात्रा ने जब ऐसा करने से मना किया तो आरोपी ने उसे धमकी भी दी थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद संजीत कुमार के खिलाफ आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि विशेष न्यायाधीश प्रथमकांत की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद संजीत को दोषी करार देते हुए 25 साल के कारावास की सजा सुनाई और 55 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
यह भी पढ़ें: एआई से तस्वीरें बनाना मुफ्त नहीं, इसकी कीमत चुका रही है धरती और निजता
