पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर टीएमसी से निलंबित नेता रिजु दत्ता ने बयान दिया है। उन्होंने कहा घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया लेकिन साथ ही कुछ सवाल भी खड़े किए हैं।
रिजू दत्ता ने ही आईपीएस अजय पाल शर्मा के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्हें टीएमसी ने निलंबित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने कहा था कि मैंने टीएमसी के कहने पर बयान दिया था।
अभिषेक बनर्जी पर हमला दुर्भाग्यपूर्ण- रिजू दत्ता
TMC के निलंबित नेता रिजू दत्ता ने टीएमसी पर तंज कसते हुए सवाल किया है। उन्होंने कहा, “अभिषेक बनर्जी के साथ सोनारपुर में जो घटना घटी है, इसे लेकर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल से लेकर आदित्य ठाकरे तक, साथ ही अखिलेश यादव व तेजस्वी यादव सभी ने ट्वीट करके इस घटना की कड़ी निंदा की है और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। मैं भी यही मानता हूँ कि यह वाकई एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।
गिरफ्तार किए गए लोग टीएमसी के पूर्व सदस्य- रिजू दत्ता
आगे उन्होंने कहा, लेकिन मेरा सवाल यह है कि आज भी TMC के पास 80 विधायक और 42 सांसद हैं; उनमें से असल में कितने लोगों ने इस बारे में ट्वीट किया? अभिषेक बनर्जी को जब हॉस्पिटल ले जाया गया तो वहां कितने विधायक और सांसद मौजूद थे, जब अभिषेक बनर्जी सोनारपुर गए थे ठीक उसी जगह जहाँ उन पर यह हमला हुआ तो उस समय उनके साथ पार्टी के कितने कार्यकर्ता मौजूद थे? और जो लोग गिरफ्तार किए गए हैं, वे सभी TMC के पूर्व सदस्य हैं। जिस निर्वाचन क्षेत्र में यह घटना हुई है, वहाँ के मौजूदा सांसद भी TMC से ही हैं, वे कहाँ हैं? वो क्यों नहीं गई हॉस्पिटल या अभिषेक बनर्जी के साथ क्यों वहां नहीं थी। मैं दिल्ली के सांसदों की बात छोड़ देता हूं जो लोग बंगाल में हैं, जो 80 विधायक हैं, वो कहां हैं?”
जब भाजपा टीएमसी के कर्मियों को सुरक्षा देगी तो वह तृणमूल का झंडा क्यों उठाएंगे?
आगे उन्होंने कहा, “सरकार बनने के बाद टीएमसी के कार्यकर्ता, जो मार खा रहे थे, जो भागे हुए थे, जिनके घरों पर बुलडोजर चलाया गया, वो भाजपा नेताओं के पास हाथ जोड़कर, माफी मांगकर और फाइन भरकर वापस अपने घर आए। भाजपा ने टीएमसी के कार्यकर्ताओं को घर जाने दिया, भाजपा ने टीएमसी के ऑफिस वापस किए, भाजपा ने टीएमसी के कार्यकर्ताओं को सुरक्षा दी तो जब भाजपा टीएमसी के कर्मियों को सुरक्षा देगी तो वह तृणमूल का झंडा क्यों उठाएंगे। इसलिए जो इस्तीफे के दौर देख रहे वह इसलिए हो रहा क्योंकि उनका दिल टूट गया है, 25 दिन बाद टीएमसी सड़क पर उतरी है। यह ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी 5 या 6 तारीख को सड़क पर उतरते तो उनके पीछे टीएमसी के 20000 कार्यकर्ता होते, लेकिन अब बहुत देर हो गई है।”
नितेश राणे ने भी कसा तंज
इधर इस हमले पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही भगवान है, सत्ता में रहने के दौरान उनके साथ जिम्मेदारी से पेश आना चाहिए।
भाजपा सरकार के मंत्री नितेश राणे ने कहा, “लोकतंत्र में आखिरकार, जनता ही भगवान है, जब आप सत्ता में होते हैं, तो आपको उनके साथ जिम्मेदारी से पेश आना चाहिए। लोकतंत्र में जनता प्यार भी देती है और अंडे भी फेंकती है। जब TMC सत्ता में थी, तो हिंदुओं को दुर्गा पूजा करने की इजाज़त नहीं मिलती थी और जैसे ही वे अपनी पहचान बताते थे, उन्हें तुरंत मार दिया जाता था। सनातन हिंदू धर्म में, हम हर चीज़ सूद समेत लौटाते हैं, और अब राज्य की जनता ने भी ठीक यही करना शुरू कर दिया है।”
राहुल गांधी को बताया भाजपा का ब्रांड एंबेसडर
साथ ही उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बारे में भी कहा, “भाजपा के लिए उनसे बड़ा कोई ब्रांड एंबेसडर नहीं हो सकता, क्योंकि जैसे ही वे अपना मुँह खोलते हैं, हम चुनाव जीत जाते हैं। इसीलिए राहुल गांधी को राजनीति में ज़्यादा से ज़्यादा समय तक रहना चाहिए, ताकि हम अपने हिंदू राष्ट्र का विस्तार कर सकें।”
यह भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी पर हमले का जिम्मेदार कौन? टीएमसी और भाजपा फोटो दिखाकर लगा रहे एक-दूसरे पर आरोप
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को कुछ लोगों ने हमला कर बोल दिया। टीएमसी ने इस हमले का जिम्मेदार भाजपा सरकार को बताया और कहा कि वह बदले की राजनीति कर रही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
