पंजाब में आम आदमी पार्टी के एकमात्र राज्यसभा सांसद प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। आप के राज्यसभा सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल को गुरुवार को जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए भेजे गए निमंत्रण से राजनीतिक बहस छिड़ गयी है। बलबीर सिंह अब पंजाब से आम आदमी पार्टी के एकमात्र राज्यसभा सदस्य हैं।

सांसद ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए दो निमंत्रण मिले थे एक फिरोजपुर रेलवे डिवीजन से और दूसरा दिल्ली में रेलवे अधिकारियों से। सीचेवाल ने कहा, “जालंधर से राज्यसभा सांसद होने के नाते मैं इस कार्यक्रम में अवश्य शामिल होऊंगा। यह एक अच्छी पहल है। पंजाब में और अधिक विकास परियोजनाएं आनी चाहिए और राज्य के और अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास होना चाहिए।”

यह निमंत्रण राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है खासकर इसलिए क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी की पंजाब यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भाजपा 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब में अपने संगठनात्मक आधार को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है।

सांसदों को निमंत्रण प्रोटोकॉल का हिस्सा

सरकारी समारोहों के लिए सांसदों को निमंत्रण देना स्थापित प्रोटोकॉल का हिस्सा है लेकिन राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि हालिया दलबदल के बाद बदले हुए संसदीय समीकरणों को देखते हुए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सीचेवाल की उपस्थिति का अतिरिक्त महत्व है।

गौरतलब है कि अप्रैल में जब आम आदमी पार्टी के छह राज्यसभा सांसदों ने भाजपा में पाला बदला तो बलबीर सिंह ने सार्वजनिक रूप से पाला बदलने से इनकार कर दिया था। उस समय इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए उन्होंने दलबदल को अवसरवादी बताया था और जोर देकर कहा था कि कोई भी उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए राजी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा था, “वे मुझे किसी अन्य पार्टी में शामिल होने के लिए कहने की हिम्मत नहीं कर सकते। मुझे कोई पद खोने का डर नहीं है। मेरा एकमात्र लक्ष्य संसद में पंजाब के मुद्दों को उठाना और जन कल्याण के लिए काम करना है।”

इस साल अप्रैल में हुए राजनीतिक पुनर्गठन में आम आदमी पार्टी के छह राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल, राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, विक्रमजीत साहनी, राजिंदर गुप्ता और संदीप पाठक भाजपा में शामिल हो गए जिससे बलबीर सिंह पंजाब से पार्टी के एकमात्र राज्यसभा प्रतिनिधि रह गए।

AAP ने सांसद का बचाव किया

आम आदमी पार्टी के आनंदपुर साहिब सांसद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कांग ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधियों को सरकारी कार्यक्रमों में आमंत्रित करना कोई असामान्य बात नहीं है। कांग ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “यह स्थापित प्रोटोकॉल का हिस्सा है। जब भी देश के किसी भी हिस्से में किसी सरकारी परियोजना का उद्घाटन या लोकार्पण होता है तो स्थानीय सांसदों को आमंत्रित किया जाता है क्योंकि यह एक सरकारी कार्यक्रम है न कि कोई राजनीतिक कार्यक्रम।”

मलविंदर सिंह ने कहा कि उन्हें भी निमंत्रण मिला है क्योंकि आनंदपुर साहिब और एसएएस नगर (मोहाली) में पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन उनके लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। कांग ने कहा कि विकास परियोजनाओं को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए। उन्होंने कहा, “विकास कार्य एक बात है और राजनीति दूसरी। ये केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में चलाई जा रही सरकारी परियोजनाएं हैं इसलिए स्वाभाविक रूप से संबंधित सांसदों को आमंत्रित किया जाता है। किसी सांसद का ऐसे समारोह में शामिल होना पूरी तरह से उनका अपना निर्णय है लेकिन मैं निश्चित रूप से उपस्थित रहूंगा।”

पीएम मोदी का कार्यक्रम

पंजाब में प्रधानमंत्री मोदी पुनर्विकसित जालंधर कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत एसएएस नगर (मोहाली), मुक्तसर साहिब और आनंदपुर साहिब के रेलवे स्टेशनों का वर्चुअली लोकार्पण करेंगे। वे संत रविदास जी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और राजमार्ग, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा से संबंधित कई परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

यह भी पढ़ें: ‘सतलुज’ विवाद के बीच पीएम मोदी की पंजाब यात्रा

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पंजाब के जालंधर दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वह कई विकास और रेलवे से जुड़े परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। हालांकि यह दौरा केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि ऐसे समय हो रहा है जब पंजाब की राजनीति तेजी से बदल रही है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें