आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को भरोसा जताया कि उनकी पार्टी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के प्रति सकारात्मक माहौल है।

117 सीटों वाले पंजाब में आम आदमी पार्टी को 2022 के विधानसभा चुनाव में 92 सीटों पर जीत मिली थी। 

केजरीवाल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।

केजरीवाल पंजाब के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत पार्टी नेताओं के साथ बैठक करने के लिए दो दिवसीय दौरे पर लुधियाना पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे।

लुधियाना में पत्रकारों से बातचीत में आप प्रमुख केजरीवाल ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ेगी और हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे।” उन्होंने कहा कि सरकार के चार साल पूरे होने के बाद आम आदमी पार्टी के प्रति लोग काफी सकारात्मक सोच रखते हैं।

नहर का पानी खेतों तक पहुंचा- केजरीवाल

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, ”लोग हमारे काम की चर्चा कर रहे हैं, लोग कह रहे हैं कि बिजली मुफ्त कर दी गई है, लोग कह रहे हैं कि नहर का पानी खेतों तक पहुंच गया है। अब किसानों को दिन के समय बिजली मिल रही है।”

केजरीवाल ने दोहराया कि आम आदमी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी। पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। काफी समय से कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल भगवंत मान सरकार पर हमलावर हैं।

पंजाब की शिक्षा क्रांति को मिली नई उड़ान

भगवंत मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार शिक्षा व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में सरकारी स्कूलों के 72 अध्यापकों का तीसरा और अब तक का सबसे बड़ा बैच फिनलैंड के लिए रवाना किया गया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।