पंजाब के होशियारपुर से आम आदमी पार्टी के सांसद डॉक्टर राजकुमार छब्बेवाल के साथ एक हैरान कर देने वाला वाकया सामने आया है। आज राजकुमार का जन्मदिन है और गृह मंत्री अमित शाह की आवाज में उनके पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि जन्मदिन मुबारक हो, आप मुझे दिल्ली में आकर मिलो। आम आदमी पार्टी के सांसद आवाज सुनकर हैरान रह गए।
AAP सांसद का दावा
सांसद राजकुमार ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर दिल्ली आने के लिए क्यों कहा होगा? सांसद ने बताया कि फोन कॉल सुबह 10 बजे के करीब आया और आवाज गृह मंत्री अमित शाह की तरह ही थी। उन्होंने बताया कि जन्मदिन होने के कारण आज वह व्यस्त है, लेकिन आने वाले समय में इसकी शिकायत वह पुलिस से करेंगे।
सांसद राजकुमार ने कहा कि कॉलर का पता लगाने की कोशिश की जाएगी, क्योंकि यह मामला जांच का विषय है। हालांकि अभी तक पुलिस को किसी ने शिकायत नहीं दर्ज करवाई है। सांसद राजकुमार ने पुलिस को कॉलर की डिटेल साझा करने की बात कही है।
6 सांसदों ने छोड़ी आप
हाल ही में आम आदमी पार्टी के 6 राज्यसभा सांसदों ने बीजेपी का दामन थामा था। इनमें राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, अशोक मित्तल, राजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह और संदीप पाठक शामिल थे। सभी सांसद आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल से नाराज बताए जा रहे हैं। 2022 में सभी को आम आदमी पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा भेजा था और सबका कार्यकाल 2028 तक है। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर सांसदों को तोड़ने का आरोप लगाया था। आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुए सभी छह राज्यसभा सांसदों के विलय को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मंजूरी दे दी है।
बताया जाता है कि संदीप पाठक के बीजेपी में जाने से आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को करारा झटका लगा है। सूत्रों के अनुसार अरविंद केजरीवाल ने संदीप पाठक को मनाने की कोशिश भी की थी लेकिन वह माने नहीं। हालांकि संदीप पाठक के बीजेपी में शामिल होने के बाद उनके खिलाफ पंजाब पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए हैं।
(यह भी पढ़ें- राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर लगाए बदले की राजनीति के आरोप)
राघव चड्ढा ने दावा किया कि वह पंजाब सरकार के ‘अगले टारगेट’ हो सकते हैं। राघव ने यह बयान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद दिया। पढ़ें पूरी खबर
