Manish Sisodia Arrested by CBI: दिल्ली के शराब नीति घोटाला मामले में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया गिरफ्तार हो चुके हैं। सीबीआई ने रविवार को उन्हें करीब 8 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में सियासत गर्म हो गई है। आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच तीखी बयानबाजी हो रही है। करीब 10 साल पहले बनी इस पार्टी के कई बड़े नेता जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। मनीष सिसोदिया से पहले सत्येंद्र जैन, सोमनाथ भारती, जितेन्द्र तोमर और संदीप कुमार जेल जा चुके हैं। इसके अलावा कई विधायक और नेताओं पर भी जांच एजेंसिया शिकंजा कस चुकी हैं।
आबकारी नीति घोटाले में मनीष सिसोदिया गिरफ्तार
मनीष सिसोदिया की आम आदमी पार्टी में नंबर दो की हैसियत है। दिल्ली सरकार में भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बाद उन्हीं का नंबर है। सिसोदिया के पास इस वक्त 18 मंत्रालयों का जिम्मा था। इनमें फाइनैंस, पीडब्लूडी, पावर, वॉटर, हेल्थ, एजुकेशन, होम, विजिलेंस, प्लानिंग, सर्विसेज, टूरिज्म, अर्बन डिवेलपमेंट जैसे सरकार के ज्यादातर प्रमुख विभाग शामिल हैं। सिसोदिया के पास आबकारी विभाग की भी जिम्मेदारी थी। दिल्ली की शराब नीति घोटाला मामले में ईडी और सीबीआई की टीम उनसे पूछताछ कर रही हैं। पिछले साल 17 अगस्त को इस मामले में केस दर्ज किया गया था। शराब नीति में मनीष सिसोदिया पर करीबियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगा है। इस नीति से सरकारी खजाने को भी काफी नुकसान हुआ है।
मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद हैं सत्येंद्र जैन
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को पिछले साल 30 मई को प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था। सत्येंद्र जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में मुकदमा दर्ज है। आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैन, उनकी पत्नी पूनम और अन्य पर केस दर्ज किया गया है। सत्येंद्र जैन पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली ने कई शेल कंपनियां बनाई और खरीदी थी। कोलकाता के तीन हवाला ऑपरेटर्स से 54 शेल कंपनियों के जरिए 16.39 करोड़ रुपए का काला धन भी ट्रांसफर किया। ईडी जैन की 4.81 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
पत्नी को प्रताड़ित करने के आरोप में सोमनाथ भारती पहुंचे जेल
दिल्ली सरकार के मंत्री रहे सोमनाथ भारती लगातार सुर्खियों में रहे हैं। सोमनाथ भारती मालवीय नगर सीट से विधायक रहे हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की पहली बार सरकार बनने के बाद सोमनाथ भारती को कानून, पर्यटन और प्रशासनिक सुधार जैसे मंत्रालयों की जिम्मेदारी मिली थी। सोमनाथ भारती की मुश्किलें तब बढ़ गईं जब उनकी पत्नी लिपिका मित्रा ने 2013 में उनके खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया। लिपिका ने अपनी शिकायत में सोमनाथ भारती के खिलाफ गई गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में यह भी कहा गया कि सोमनाथ भारती ने उन्हें गर्भपात के लिए मजबूर किया। इसके बाद 2014 में उन्होंने इस्तीफा दे दिया। यूपी दौरे पर एक विवादित बयान के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 2021 में उन्हें दो साल की सजा सुनाई गई।
जितेंद्र तोमर पर लगा फर्जी डिग्री रखने का आरोप
2015 में दिल्ली की त्रिनगर सीट के विधायक बने जितेन्द्र तोमर को केजरीवाल सरकार में कानून मंत्री बनाया गया था। उन्हें दिल्ली के पर्यटन, कला और संस्कृति की भी जिम्मेदारी दी गई थी। उनके ऊपर वकालत की फर्जी डिग्री रखने का आरोप लगा था। इसका खुलासा आईटीआई के जरिए हुआ था। मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा। जहां भागलरपुर यूनिवर्सिटी ने उनकी डिग्री को फर्जी बताया। 2016 में जितेन्द्र तोमर को गिरफ्तार कर लिया गया। जनवरी 2020 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी विधायकी रद्द कर दी।
सीडी कांड में फंसे मंत्री संदीप कुमार
आम आदमी पार्टी के एक और मंत्री को गंभीर आरोप लगने के बाद पहले सरकार और फिर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया। 2015 में दिल्ली की सुल्तानपुर माजरा सीट से विधायक बने संदीप कुमार को दिल्ली सरकार में महिला एवं बाल कल्याण विकास मंत्री और एससी-एसटी कल्याण मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। 2016 में इस सीडी सामने आई थी जिसमें संदीप कुमार को दो महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने का आरोप लगा। महिला ने आरोप लगाया था कि वह राशन कार्ड बनवाने के लिए गई थी लेकिन कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उनके साथ रेप किया गया।