जब से राघव चड्ढा समेत सात सांसदों का बीजेपी में विलय हुआ है, उसके बाद से ही आम आदमी पार्टी (AAP) हमलावर है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी के सातों सांसदों का भाजपा में विलय की घोषणा हुई है, वह संवैधानिक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी चेतावनी दी है।

जितना ज्यादा जुल्म करोगे, उतना ही बुरा हश्र होगा-आतिशी

आतिशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैं बताना चाहती हूं कि उनकी सत्ता का अंत करीब आ चुका है और वह इसके लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी तरह इस देश के संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। आतिशी ने कहा कि आप जितना ज्यादा जुल्म करोगे, उतना ही बुरा हश्र होगा, यह इतिहास कहता है। आतिशी ने कहा कि जो भाजपा ने किया है, वह दल बदल विरोधी कानून के खिलाफ है।

6 सासंदों के साथ राघव चड्ढा ने की बगावत

24 अप्रैल को राघव चड्ढा बीजेपी में शामिल हुए थे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली थी। राघव चड्ढा अकेले नहीं बल्कि छह अन्य सांसदों के साथ बीजेपी में आए हैं। 24 अप्रैल को उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भी पार्टी ज्वाइन की थी। अशोक मित्तल राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के डिप्टी लीडर थे।

उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सभी सातों सांसदों के विलय को मंजूरी दे दी है। ऐसे में राज्यसभा में बीजेपी की संख्या बढ़कर 113 हो गई है। वहीं एनडीए की संख्या 147 पहुंच चुकी है। आम आदमी पार्टी ने इस पर आपत्ति जताई है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखा है और राघव चड्ढा समेत सातों सांसदों के पत्र को लेकर जानकारी मांगी है।

(यह भी पढ़ें- राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के बीजेपी ज्वाइन करने के बाद विपक्ष पर कितना भारी एनडीए)

आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों के बीजेपी में विलय को उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने मंजूरी दे दी है। ऐसे में राज्यसभा में बीजेपी के सांसदों की संख्या भी बढ़ गई है। पढ़ें पूरी खबर