किसान आंदोलन में घुसपैठ कर रही AAP? मेरठ में 28 फरवरी को महापंचायत, CM साधेंगे संवाद
आप ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 28 फरवरी 2021 को उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शनकारी किसानों की मांगों का समर्थन करने के लिए महापंचायत बुलाई है।’’

आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल केंद्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में 28 फरवरी को मेरठ में एक किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। आप ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आम आदमी पार्टी (आप) ने नये कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का जोरदार समर्थन किया है। केजरीवाल दो बार दिल्ली के सिंधु सीमा का दौरा कर चुके हैं और उन्होंने किसानों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है। सिंघु सीमा किसानों के विरोध प्रदर्शन का एक प्रमुख स्थल है। आप ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 28 फरवरी 2021 को उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शनकारी किसानों की मांगों का समर्थन करने के लिए महापंचायत बुलाई है।’’
‘आंदोलन देश में उम्मीद की नयी रोशनी लेकर आया’: इसी बीच, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना सज्जाद नोमानी ने सोमवार को कहा कि किसानों का आंदोलन देश में अन्याय के खिलाफ उम्मीद की नयी रोशनी लेकर आया है। वह सिंघु बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में शामिल किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘देश् में होने वाली नाइंसाफी के खिलाफ बहुत सारे संगठन वर्षों से जागरुकता फैलाने की कोशिश करते रहे हैं। यह आंदोलन कश्मीर से कन्याकुमारी तक उम्मीद की नयी रोशनी लेकर आया है।’’
जिस किसान का कर रहे अपमान, उसी के बेटे सीमा पर बचा रहे जान- प्रियंकाः वहीं, नए कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार पर जोरदार हमला करते हुये कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सोमवार को कहा कि ‘जो किसान आपके दरवाजे पर खड़ा है, उसका बेटा आपकी सीमा पर खड़ा है, जिस किसान का आप अपमान कर रहे हैं, उसका बेटा सीमा पर आपकी सुरक्षा कर रहा है, आपको किसानों का अपमान करने का हक नहीं है।’