आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को पंजाब की राजनीति से जुड़ा बड़ा ऐलान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की ओर से सीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया।

केजरीवाल ने यह भी संकेत दिया कि पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में नहीं बल्कि इस साल नवंबर में ही कराए जा सकते हैं। पंजाब में विधानसभा चुनाव फरवरी 2027 में प्रस्तावित हैं।

बठिंडा में नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत के जश्न में निकाले गए रोड शो में केजरीवाल भी शामिल हुए।

केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने और भगवंत मान को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होने को कहा।

केजरीवाल ने कहा, “संभावना है कि विधानसभा चुनाव इसी साल नवंबर में होंगे। सिर्फ चार महीने बचे हैं। आप सभी को सिर्फ एक काम करना है- भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री बनाना है।”

केजरीवाल के बयान से साफ है कि भगवंत मान ही पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करेंगे। केजरीवाल ने भगवंत मान को ईमानदार नेता बताया। इस दौरान केजरीवाल ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को भी लोगों के सामने रखा। इसमें घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली और हाल ही में शुरू की गई मुख्यमंत्री सेहत योजना शामिल है। मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का इलाज मिलता है।

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा, पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया, बठिंडा के मेयर पद्मजीत सिंह मेहता और पार्टी के कई अन्य नेता शामिल हुए।

केजरीवाल ने कहा, “पंजाब में चार पार्टियां हैं- पहली- बेअदबी और चिट्टा पार्टी, दूसरी- झगड़ालू पार्टी, जिसके नेता आपस में ही लड़ते रहते हैं, तीसरी- ईडी पार्टी और चौथी- आम आदमी पार्टी, जनता की पार्टी।”

केजरीवाल के अलावा शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और कुछ कांग्रेस नेताओं ने भी जल्द चुनाव की संभावना को देखते हुए अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियां शुरू करने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल बोले- हिंदू व्यापारियों को परेशान कर रही केंद्र सरकार

पंजाब में ईडी की छापेमारी को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि जांच एजेंसी पंजाब के छोटे-छोटे हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।