दिल्ली विधानसभा में मंगलवार को उस वक्त जबरदस्त हंगामा हो गया जब आम आदमी पार्टी के विधायकों ने कथित रूप से सदन में चावल घोटाले का मुद्दा उठाया और मुद्दे पर चर्चा की मांग की, लेकिन विधानसभा स्पीकर के आदेश पर आम आदमी पार्टी के 8 विधायकों को सदन से बाहर कर दिया गया। विधानसभा के मार्शल ने आप के 8 विधायकों को उठाकर सदन से बाहर कर दिया। आप विधायकों का कहना है कि उन्होंने चावल घोटाले का आरोप लगाते हुए उस पर चर्चा की मांग की थी।

बीजेपी ने आरोपों को किया खारिज

वहीं इस मामले में बीजेपी का कहना है कि आम आदमी पार्टी के लगाए आरोप पूरी तरह गलत हैं। आप ने चावल घोटाले पर चर्चा की मांग नहीं की थी बल्कि आप के एक विधायक कुलदीप कुमार ने बीजेपी के विधायकों और वहां मौजूद अधिकारियों पर चावल फेंके थे जिसके बाद स्पीकर ने यह कार्रवाई की। स्पीकर ने विपक्ष के व्यवहार को ‘गलत’ बताया और कहा कि सदन में ऐसा व्यवहार मंजूर नहीं है। वहीं बीजेपी ने चावल फेंकने की घटना के बाद इसे सदन की अवमानना बताया।

’22 हजार करोड़ का है चावल घोटाला’

आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने कहा है कि दिल्ली में चावल घोटाला बहुत बड़ा है। संजीव झा ने बताया कि 22 हजार करोड़ के घोटाला का प्लान भारतीय जनता पार्टी का था। 22 हजार करोड़ का समझिए। ये मैं नहीं कह रहा, ये सेंट्रल गवर्नमेंट कह रही है। और जब पकड़े गए, तो कार्रवाई किस पर हुई है? इसका मतलब ये है कि इतना बड़ा घोटाला…पूरे डॉक्यूमेंट है इसके कि किस तरह से इन सब की इन्वॉल्वमेंट थी… तो मैं ये पूछना चाहूंगा कि आखिर खाद्य मंत्री पर ये कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?

क्या है चावल घोटाला?

बता दें कि आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि दिल्ली में करीब 22,000 करोड़ के कथित चावल घोटाले की साजिश रची गई थी। इस घोटाले के मध्य प्रदेश में अंजाम दिया गया, लेकिन इसकी पूरी साजिश दिल्ली में रची गई। आप का आरोप है कि सरकारी योजना के तहत उपलब्ध फोर्टिफाइड चावल को एथेनॉल बनाने के नाम पर सरकारी सप्लाई चेन से डायवर्ट किया गया और बाद में उसी चावल को अलग तरीके से सरकारी सिस्टम में वापस बेचने का खेल हुआ। आम आदमी पार्टी इस घोटाले को लेकर बीजेपी पर लगातार हमलावर है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली की कहानी: कश्मीर से क्या है इसका कनेक्शन? जानिए ‘कश्मीरी गेट’ का दिलचस्प किस्सा

दिल्ली की कहानी… कश्मीरी गेट एक ऐसा इलाका है, जो लंबे समय से इतिहास और संस्कृति से जुड़ा हुआ है। यह जगह समय के साथ कई बदलाव देख चुकी है और दिल्ली के बदलते रूप की कहानी भी बताती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस इलाके का नाम कश्मीरी गेट क्यों पड़ा। इस सीरीज में आपको बताते हैं कि कश्मीरी गेट इलाके के नाम की दिलचस्प कहानी। यहां पढ़ें पूरी खबर….