पंजाब में आम आदमी पार्टी ने शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने 40 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। सूची के मुताबिक, मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची में संजीव अरोड़ा के नाम को लेकर विशेष चर्चा है। पार्टी ने संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट सीट से उम्मीदवार बनाया है।
संजीव अरोड़ा मौजूदा वक्त में गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद हैं और इसके बावजूद पार्टी ने अपनी पहली ही सूची में उन्हें फिर से उम्मीदवार बनाया है।
अच्छा काम कर रहे थे…
संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाए जाने पर दिल्ली में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने IANS से कहा, “संजीव अरोड़ा पार्टी के बहुत समर्पित सिपाही हैं और आम आदमी पार्टी में अच्छा काम कर रहे थे, इसलिए केंद्र सरकार उन्हें प्रताड़ित कर रही है। यह बात हम सब लोग समझते हैं और हम सब लोग उनके और उनके परिवार के साथ खड़े हुए हैं। बहुत जल्द हमें ऐसा लगता है कि उनको बेल मिल जाएगी और वो लुधियाना में अपना प्रचार शुरू करेंगे।”
पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा है कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज से खुश है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता एक बार फिर से भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनना चाहती है।
अरोड़ा को मई में किया था गिरफ्तार
इस साल मई में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया था संजीव अरोड़ा तब भगवंत मान की सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। ईडी ने अरोड़ा की कंपनी से जुड़े दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ के ठिकानों की तलाशी ली थी। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया था कि बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के इशारे पर आम आदमी पार्टी के नेताओं को परेशान किया जा रहा है।
ईडी के सूत्रों के मुताबिक, संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में हुई है।
ED का आरोप है कि अरोड़ा की गिरफ्तारी 100 करोड़ रुपये से अधिक के मोबाइल फोन की फर्जी जीएसटी खरीद और उसके निर्यात से जुड़ी है। एजेंसी के अनुसार, दिल्ली में ऐसी कंपनियों के नाम पर फर्जी जीएसटी बिल लिए गए, जो वाकई में थी ही नहीं और इसका मकसद गलत तरीके से ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ (आईटीसी) का दावा करना था।
इससे पहले 2024 में जब अरोड़ा राज्यसभा सांसद थे तब भी ईडी ने औद्योगिक जमीन के कथित दुरुपयोग के मामले में उनके यहां छापेमारी की थी।
यह भी पढ़ें- ‘दारू सप्लायर कहां मिलेंगे?’ सौरभ भारद्वाज का तंज
आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के संयोजक सौरभ भारद्वाज ने शराब बुकिंग ऐप को लेकर बीजेपी की दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। आप ने दिवाली से पहले घर बैठे शराब मंगाने की सुविधा शुरू करने के फैसले का विरोध किया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
