दिल्ली पुलिस ने तीन वर्षीय बच्ची की पहचान उजागर करने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बच्ची का पश्चिमी दिल्ली के एक निजी स्कूल में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया था।

इस संबंध में जनकपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ”भाजपा नीत केंद्र सरकार ने तीन साल की बच्ची के दुष्कर्म के मामले में स्कूल का नाम उजागर करने के लिए मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।”

क्या है यह मामला?

एक निजी स्कूल में 57 वर्षीय कर्मचारी द्वारा तीन वर्षीय बच्ची का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने का मामला सामने आया था। बच्ची की मां ने एक मई को पुलिस से संपर्क किया था।

मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, बच्ची ने दाखिले के एक दिन बाद 30 अप्रैल को ही स्कूल जाना शुरू किया था। शिकायत के अनुसार, घर लौटने पर उसने दर्द की शिकायत की और जब बच्ची की मां ने उससे पूछताछ की तो उसने आपबीती बताई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया।

जांच आगे बढ़ने पर स्कूल की एक महिला शिक्षिका को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि भारद्वाज के खिलाफ नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने के आरोप में एक अलग मामला दर्ज किया गया है।

पंजाब नगर निकाय चुनावों में AAP की शानदार जीत

आम आदमी पार्टी ने पंजाब के स्थानीय निकाय चुनावों में जबरदस्त जीत हासिल की है। ​​पार्टी ने 1977 वार्डों में से 900 से ज्यादा वार्ड जीते हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।