Bihar News: बिहार में गुरुवार को मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। जेडीयू सुप्रीमो नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और 31 अन्य लोगों ने गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में मंत्री पद की शपथ ली। नीतीश कुमार के बेटे निशांत की शपथ को लेकर लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तंज कसा है।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “बिना चुनाव लड़े चोर दरवाजे से मंत्रिमंडल में शार्टकट इंट्री पाने के लिए भाई निशांत को बधाई-शुभकामनाएं और इंट्री दिलाने के लिए असलियत में अनैतिकता के शिखर पुरुष , मगर ‘स्वयंभू नैतिक पुरुष’ चाचा जी को भी ढेरों बधाई .. २००५ से पहले ई सब भी नहीं होता था चाचा रंगबदलू जी।”
पीएम नरेंद्र मोदी पर भी रोहिणी आचार्य ने बोला हमला
इसके अलावा एक और अन्य पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोला है। उन्होंने लिखा, “मणिपुर और बंगाल को जलता छोड़ , ‘नीरो’ पटना आए और रोड – शो का तमाशा खड़ा कर बिहार को निराश कर चले गए। प्रधानमंत्री जी पटना आए , बेवजह रोड – शो का बड़ा तमाशा खड़ा किया, बनी हुई सरकार के ही मंत्री – मंडल विस्तार के शपथ – ग्रहण के जलसे में शामिल हुए, जबरदस्त फोटो – शूट करवाया , राजधानी पटना की आम जनता के लिए घंटों सड़कें बंद करवा आम जनता को परेशानी में डाला और चले गए .. प्रधानमंत्री जी .. पूरा बिहार इस बात को लेकर भी हैरान है कि जिस मंत्री – मंडल विस्तार का शपथ ग्रहण लोक – भवन ( राजभवन ) में होना चाहिए था , उसके लिए गाँधी मैदान में सरकारी कोष का पैसा जाया कर इतना बड़ा आयोजन करने की क्या जरूरत थी।”
रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा, “पूरा बिहार प्रधानमंत्री जी से उम्मीद लगाए बैठा था कि प्रधानमंत्री जी पटना के गर्ल्स हॉस्टल में बलात्कार के बाद मार डाली गयी युवती के परिजनों के आंसू पोछने जाएंगे , मामले में न्याय मिलने , आरोपियों के अब तक नहीं पकड़े जाने के बारे में कुछ बोलेंगे और न्याय दिलाने की दिशा में अपने स्तर से कोई गंभीर पहल करेंगे।”
पूर्व आरजेडी नेता ने कहा, “पूरे बिहार को इस बात की आस थी कि प्रधानमंत्री जी बिहार में बेलगाम हो चुके अपराध, लगभग रोज हो रही बलात्कार, लूट एवं हत्या की घटनाओं और सत्तापक्ष के बेलगाम हो चुके बाहुबली विधायकों पर भी कुछ बोलेंगे। बिहार की मां-बहन-बेटियों के साथ – साथ बिहार की बेटी होने के नाते मुझे भी ये उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री जी महिलाओं के लिए असुरक्षित हो चुके बिहार को सुरक्षित बनाने के लिए कोई सख्त दिशा-निर्देश देंगे। मगर अफसोस इस संदर्भ में न तो प्रधानमंत्री जी कुछ बोले और ना ही प्रधानमंत्री जी के द्वारा कोई दिशा – निर्देश दिया गया।”
मंत्रिमंडल में किन-किन नेताओं को मिली जगह?
सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ लेने वालों में श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप कुमार जायसवाल, निशांत कुमार और लेशी सिंह के साथ-साथ एनडीए गठबंधन के राम कृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह, अशोक चौधरी और कई अन्य नेता शामिल हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कई अन्य नेता उपस्थित थे। पढ़ें पूरी खबर…
