Bhopal : घर में चल रही थी बर्थडे की तैयारी, खेल-खेल में छत पर चढ़ा बच्चा और 30 फीट से नीचे गिरकर मौत
भोपाल में मानसिक रूप से कमजोर एक 9 साल के बच्चे की घर की छत से गिरकर मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक कान्हा की मौत सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने की वजह से हुई।

भोपाल के ऋषि बंगलो स्थित एक घर में बर्थडे की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब परिवार का इकलौता बेटा 30 फीट ऊंची छत से सड़क पर गिर गया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा खेल-खेल में छत तक पहुंच गया था और पानी की टंकी पर चढ़कर नीचे झांक रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह खाली पड़े प्लॉट में गिर गया, जहां ईंटों से उसके सिर पर गहरी चोट लग गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 30 मार्च को बच्चे का बर्थडे था। उसका नाम कान्हा था।
मानसिक रूप से कमजोर था बच्चाः पुलिस के मुताबिक, कान्हा ऋषि बंगलो एरिया में रहता था। वह मानसिक रूप से कमजोर था। उसका इलाज चल रहा था। वहीं, वह ईदगाह हिल्स इलाके के स्पेशल चाइल्ड स्कूल में पढ़ता था। बच्चे के पिता हेमेंद्र शर्मा हमीदिया अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में रेडियोग्राफर हैं। वहीं, मां चित्रा शर्मा टीबी अस्पताल में कार्यरत हैं।
ऐसे हुआ हादसा : चित्रा के मुताबिक, सोमवार को वह घर पर हेमेंद्र, बेटी और कान्हा के साथ थीं। शाम के वक्त वे सूखे हुए कपड़े उतारने के लिए छत पर गई थीं। उस वक्त हेमेंद्र, बेटी और कान्हा उनके साथ ही थे। कुछ देर बाद चारों लोग नीचे आ गए। चित्रा ने बताया कि कान्हा नजर बचाकर दोबारा छत पर चला गया, जिसके उन्हें जानकारी नहीं मिल पाई। बताया जा रहा है कि वह छत पर रखी टंकी के ऊपर चढ़ गया और नीचे झांकने लगा। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह खाली पड़े प्लॉट में जा गिरा।
National Hindi News Today LIVE:जानें दिन भर के अपडेट्स
30 मार्च को था जन्मदिनः हेमेंद्र के मुताबिक, 30 मार्च को कान्हा का जन्मदिन था। इसके चलते घर में उसके बर्थडे की तैयारियां जोरों से चल रही थीं। बेटे की मानसिक स्थिति को देखते हुए वे उसे कभी अकेला नहीं छोड़ते थे। सोमवार को पता नहीं कब वह छत पर चला गया।
ईंटों पर सिर के बल गिरने से हुई मौतः पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कान्हा जिस खाली प्लॉट में गिरा, वहां ईंट-पत्थर पड़े हुए थे। कान्हा उन पर सिर के बल जा गिरा, जिससे उसका सिर फट गया और शरीर पर गहरी चोटें आईं। खून से लथपथ कान्हा को लेकर परिजन पास के अस्पताल गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।