Greater Noida News: इकोटेक-1 थाना क्षेत्र के लुहसार गांव में मंगलवार सुबह बदमाशों ने एक ई-रिक्शा एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है।

घटना उस वक्त हुई, जब नितिन सुबह करीब 11 बजे दुकान से शैंपू खरीदकर घर लौट रहा था। घात लगाए बैठे तीन हमलावरों ने गली के मोड़ पर उसे दबोचने की कोशिश की। खुद को बचाने के लिए नितिन घर की ओर भागा, लेकिन रास्ते में एक बच्चे से टकराकर वह लड़खड़ा गया और अपने ही दरवाजे के पास गिर पड़ा।

आरोपी मौके से हो गए फरार

हमलावरों ने नितिन पर एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दीं। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर जब उसकी पत्नी श्वेता उसे बचाने दौड़ी, तो एक हमलावर ने उसकी ओर भी पिस्तौल तानकर उसे पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। गोली मारने के बाद भी जब उनका मन नहीं भरा, तो उन्होंने चाकू निकालकर नितिन की गर्दन पर कई वार किए। मोहल्ले के लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में परिजन नितिन को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया

इस हत्याकांड के पीछे गहरी रंजिश और बदले की कहानी सामने आ रही है। दरअसल, मृतक नितिन खुद भी आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़ा था और साल 2024 में हुए विनय ठेकेदार हत्याकांड में आरोपी था। वह करीब चार महीने पहले ही दिल्ली की अदालत में सरेंडर करने के बाद जमानत पर बाहर आया था। पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्या को उसी पुरानी अदावत का परिणाम माना जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद किए गए आरोपियों में से दो को हिरासत में ले लिया है और फरार चल रहे तीसरे साथी की तलाश में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में गड्ढे में डूबने से मासूम की दर्दनाक मौत, प्रशासन की लापरवाही पर खड़े हो रहे सवाल

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में प्रशासनिक लापरवाही का एक और मामला सामने आया है, जहां एक 3 साल के मासूम की गड्ढे के पानी में डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें…