कर्नाटक के यादगीर जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में खुद को ‘बाबा’ बताने वाला एक शख्स एक नाबालिग लड़की को गोद में बैठाकर उसे किस करता दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिस समय यह सब हो रहा था, उस दौरान नाबालिग के माता-पिता अपने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। उन्हें इस व्यवहार में कुछ भी आपत्तिजनक नजर नहीं आया।
मामला सामने आने के बाद कर्नाटक की राजनीति में हलचल मच गई। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए यादगीर के पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान 26 वर्षीय मल्लिकार्जुन मुत्या के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। केस दर्ज होने के बाद से कथित बाबा फरार बताया जा रहा है।
बाल अधिकार आयोग के अध्यक्ष ने पुलिस को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं बाबा पर लगे इन आरोपों परिवार ने खारिज किया है। उनका कहना है कि मल्लिकार्जुन पूरी तरह निर्दोष है और बच्ची उनकी दूर की रिश्तेदार है। परिवार का तर्क है कि बच्ची को बड़े भाई या पिता की तरह स्नेह दिया जा रहा था, न कि किसी गलत मंशा से।
गौरतलब है कि कर्नाटक में कथित बाबाओं को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं। इसी साल जनवरी में बेंगलुरु में एक स्वयंभू बाबा को गिरफ्तार किया गया था। उस पर गंभीर आरोप लगे थे। यह दावा भी किया गया था कि वह लोगों की समस्याओं को ‘जादुई शक्तियों’ से हल करने का दावा करता था।
