उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर स्थित स्क्रैप वुडन रूम में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई।

सोशल मीडिया पर इस घटना के कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। इनमें देखा जा सकता है कि प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 के बीच स्थित वुडन रूम से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब आधा घंटा लगा। मीडिया से बात करते हुए अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद उसे दिल्ली स्थित रेलवे के मुख्यालय भेजा जाएगा।

यह भी राहत की बात रही कि आग की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। चश्मदीदों ने इस आग को काफ़ी खौफनाक बताया। उनके मुताबिक, आग की लपटें काफ़ी ऊंची थीं और अगर समय पर काबू न पाया जाता, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

ये भी पढ़ें- हिमंता के आरोपों पर बोले गौरव गोगोई