UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सोने के आयात पर अनावश्यक खर्च से बचने की अपील के बाद कहा कि मुख्यमंत्री व मंत्रियों आदि की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी की जाए। इतना ही नहीं उन्होंने वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को प्राथमिकता देने की अपील की।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव, डीजीपी, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव के साथ एक हाईलेवल मीटिंग की। इस मीटिंग में मुख्यमंत्री ने हफ्ते में एक बार नो व्हीकल डे मनाने का भी सुझाव दिया और मंत्रियों, सांसदों और विधायकों सहित जन प्रतिनिधियों से हफ्ते में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने का आग्रह किया।
वर्क फ्रॉम होम को लेकर क्या की गई अपील?
उत्तर प्रदेश सरकार एक नई सलाह तैयार कर रही है। इसमें उद्योगों, स्टार्टअप्स और बड़े दफ्तरों से कहा जाएगा कि जहां संभव हो, वे कर्मचारियों को हफ्ते में कम से कम दो दिन वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यात्रा और ईंधन की खपत कम करने के लिए मीटिंग, सेमिनार, और वर्कशॉप ऑनलाइन आयोजित की जाएं।
सोने की खरीदारी कम करने की अपील
योगी ने लोगों से अगले छह महीनों में गैरजरूरी विदेश यात्रा से बचने और इसके बजाय प्रस्तावित विजिट माई स्टेट कैंपेन के तहत घरेलू पर्यटन का समर्थन करने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से त्योहारों और शादियों के दौरान अनावश्यक सोने की खरीदारी कम करने और भारत में बने उत्पादों को बढ़ावा देने को भी कहा। सरकारी विभागों को निर्देश दिया गया कि वे आधिकारिक उपहारों के रूप में ओडीओपी और जीआई-टैग वाली वस्तुओं को प्राथमिकता दें।
मुख्यमंत्री ने लोगों से घरों और ऑफिस में अनावश्यक बिजली के इस्तेमाल से बचने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि मॉल और निजी भवनों में रात 10 बजे के बाद सजावटी रोशनी का उपयोग कम से कम किया जाना चाहिए। अधिकारियों को साइकिल चलाने, कार-पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के कारण उत्पन्न वैश्विक व्यवधानों को देखते हुए दूसरे दिन फिर खर्च में कटौती की अपील दोहराई और कोविड-काल की आदतें अपनाने को कहा। वडोदरा में सोमवार को देर रात एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों से ईंधन की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन एवं इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग करने और सोने की खरीद कुछ समय के लिए टालने की अपील की। इससे पहले गिर सोमनाथ में आयोजित सोमनाथ अमृत महोत्सव के दौरान उन्होंने 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षण की याद दिलाते हुए कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत भारत को झुका नहीं सकती या दबाव में नहीं ला सकती है। पढ़ें पूरी खबर…
