दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कार में सवार पांचों लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं जो वैष्णो देवी से अपने घर लौट रहे थे। न्यूज18 इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सभी मृतक मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले थे। हालांकि अब तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस भी हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
हादसा कैसे हुआ?
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। इसी वजह से जब गाड़ी में अचानक आग लगी, तो परिवार के सदस्य खुद को बचा नहीं सके। काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें कार आग का गोला बनी नजर आ रही है। हादसे के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ।
तकनीकी खराबी या लापरवाही?
यह कोई पहला मामला नहीं है, जब चलती गाड़ी में इस तरह आग लगी हो। इससे पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चलती कार में अचानक आग कैसे लगी-क्या यह तकनीकी खराबी थी या फिर किसी स्तर पर लापरवाही।
ये भी पढ़ें- बीजेपी नेता मनोज सिंह के भांजे की मौत
