ऑपरेशन ब्लू स्टार की 42वीं बरसी पर शनिवार को स्थिति शांतिपूर्ण रही हालांकि इस दौरान अकाल तख्त के बाहर खालिस्तान समर्थक नारेबाजी की गई। खालिस्तान समर्थक नारे पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के कार्यकर्ताओं ने लगाए। इस मौके सिमरनजीत सिंह मान भी मौके पर मौजूद थे।
खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के समर्थक अपने नेता की तस्वीरों के साथ दिखाई दिए। अमृतपाल सिंह वर्ष 2023 में थाने पर हमले से जुड़े मामले में वर्तमान में असम की एक जेल में बंद हैं।
कट्टरपंथी सिख संगठन दल खालसा के कार्यकर्ता अलगाववादी जरनैल सिंह भिंडरावाले के चित्र वाली तख्तियां लिए हुए नजर आए।
ऑपरेशन ब्लू स्टार वर्ष 1984 में चलाया गया एक मिलिट्री ऑपरेशन था, जिसका मकसद स्वर्ण मंदिर परिसर में डेरा डाले कट्टरपंथियों को बाहर निकालना था।
पंजाब सरकार को दी चेतावनी
अकाल तख्त पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल दल खालसा के नेताओं ने बेअदबी-रोधी कानून को खारिज किए जाने के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज के फैसले का समर्थन किया और पंजाब सरकार को सिखों के धार्मिक मामलों से दूर रहने की चेतावनी दी।
अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने अरदास के दौरान बलवंत सिंह राजोआणा सहित ‘बंदी सिंहों’ की रिहाई की मांग की। ‘बंदी सिंह’ उन सिख कैदियों को कहा जाता है जिनके बारे में शिरोमणि अकाली दल और अन्य सिख संगठनों का दावा है कि वे अपनी सजा पूरी होने के बाद भी जेलों में बंद हैं। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने जून 1984 में सेना की कार्रवाई के दौरान स्वर्ण मंदिर परिसर में जरनैल सिंह भिंडरावाले के साथ मारे गए सिखों के परिजनों को सम्मानित किया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे
स्वर्ण मंदिर परिसर में पूरे परिक्रमा मार्ग में खालिस्तान समर्थक नारेबाजी की गई। इस दौरान कई युवा तख्तियां लिए दिखाई दिए। दल खालसा के आह्वान पर स्वर्ण मंदिर के आसपास तथा पुराने शहर के भीतरी क्षेत्रों में बंद शांतिपूर्ण रहा। स्वर्ण मंदिर परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे।
ऑपरेशन ब्लू स्टार से पहले कैसी थी सेना और भिंडरांवाले की तैयारी?
इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली भारत सरकार ने साल 1984 में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ चलाया था। ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ एक सैन्य अभियान था, जो 1 जून, 1984 से 10 जून 1984 के बीच चला था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
