Nitish Kumar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के लिए शपथ लेने के लिए गुरुवार को दिल्ली आ गए हैं। शपथ लेने से पहले नीतीश कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हम राज्यसभा की शपथ लेने जा रहे हैं। हम उसी के लिए आए हैं। हम 20 सालों से ज्यादा समय तक वहां (बिहार) में रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कल सबेरे जा रहे हैं। वहां सब छोड़ देंगे। अब हम यहीं (दिल्ली) पर रहेंगे।

वहीं, बिहार के मंत्री और जेडीयू नेता विजय चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगले 2-3 दिनों में स्थिति साफ हो जाएगी। चौधरी ने बताया कि एनडीए के सभी सहयोगी दल और भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व नीतीश कुमार के 20 सालों के काम को आगे बढ़ाने के पक्ष में हैं और बिहार के विकास को उसी मॉडल पर जारी रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पार्टी से जुड़ चुके हैं और अब संगठन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

जेडीयू नेताओं की मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे नीतीश कुमार

राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने से पहले नीतीश कुमार दिल्ली में जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें नई सरकार के गठन के बाद पार्टी की भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी ने भी दिल्ली में अपने मुख्य सदस्यों की बैठक बुलाई है। इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। इस बैठक में राज्य के अगले मुख्यमंत्री के चयन पर चर्चा होगी।

बीजेपी की बैठक में कौन-कौन होगा शामिल

बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बीजेपी सांसद संजय जायसवाल, क्षेत्रीय संगठन सचिव नागेंद्र और राज्य संगठन सचिव भीकू भाई दलसानिया के भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के भी बैठक में उपस्थित होने की संभावना है।

बता दें कि नीतीश कुमार 16 मार्च को बिहार से राज्यसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने 30 मार्च को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। नीतीश कुमार शुक्रवार को कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर के साथ शपथ लेंगे। वहीं दूसरी ओर, बीजेपी के नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य नितिन नबीन, शिवेश राम और आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा 16 अप्रैल को संसद के विशेष सत्र के दौरान शपथ लेंगे।

 नेताओं की चुनौती और नए समीकरण 

देश की राजनीति में इस समय कई बड़े बदलाव और अंदरूनी हलचल देखने को मिल रही है। बिहार में नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर सस्पेंस है, जबकि उनके बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री चर्चा में है। पश्चिम बंगाल में अधीर रंजन चौधरी की पकड़ कमजोर हुई है, वहीं अन्य दलों में भी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…