Delhi Missing Cases: देश की राजधानी दिल्ली में लापता लोगों के मामलों की रफ्तार चिंता बढ़ाने वाली है। दिल्ली पुलिस के जिपनेट के आंकड़ों के अनुसार, 15 जनवरी 2026 तक जहां 997 लोगों के लापता होने की शिकायतें दर्ज थीं, वहीं बाद के सिर्फ 21 दिनों के भीतर यानी पांच फरवरी 2026 तक यह संख्या बढ़कर 2469 हो गई। इसका सीधा मतलब है कि 15 जनवरी से 5 फरवरी के बीच 1472 लोग लापता हुए।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राजधानी में औसतन प्रतिदिन करीब 70 लोग लापता हो रहे हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है और अब तक 2469 मामलों में से 446 लापता लोगों का पता लगाया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि पिछले सालों की तुलना में जनवरी 2026 में लापता मामलों की संख्या में कमी दर्ज की गई है।
क्या कहते हैं आंकड़े?
दिल्ली सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक्स एंड स्टैटिस्टिक्स की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2023 में कुल 24381 लोग लापता हुए थे, जिनमें से 14824 लोगों का पता लगा लिया गया। इनमें 6284 नाबालिग और 18197 वयस्क शामिल थे। नाबालिगों में 1917 लड़के और 4367 लड़कियां थीं, जबकि वयस्कों में 8285 पुरुष और 9912 महिलाएं लापता हुई थीं। वहीं साल 2024 में कुल 24993 लोग लापता हुए, जिनमें से 15260 लोगों को खोज निकाला गया। इस दौरान 5846 नाबालिग और 19047 वयस्क लापता हुए। नाबालिगों में 1647 लड़के और 4199 लड़कियां थीं, जबकि वयस्कों में 8494 पुरुष और 10553 महिलाएं शामिल रहीं।
साल 2025 में जनवरी से 5 फरवरी तक 2469 लोग लापता हुए हैं, जिनमें से 446 लोगों का पता दिल्ली पुलिस लगा चुकी है। जनवरी महीने के पहले पखवाड़े तक ही 997 शिकायतें दर्ज की गई थीं। दिल्ली पुलिस का दावा है कि पिछले सालों की तुलना में जनवरी 2025 में लापता मामलों की संख्या में कमी दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें: ‘आपसी सहमति से बने रोमांटिक संबंध’, दिल्ली हाई कोर्ट ने पॉक्सो मामले में युवक को दी जमानत
किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें – दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता संजय त्यागी ने कहा कि पुलिस पारदर्शी और निष्पक्ष अपराध रिपोर्टिंग नीति का पालन करती है। लापता व्यक्तियों से संबंधित सभी शिकायतें तुरंत दर्ज कर जांच शुरू की जाती है। पुलिस ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। फिलहाल बच्चों के लापता या अपहरण के पीछे किसी संगठित गिरोह की पुष्टि नहीं हुई है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लापता लोगों की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा सभी जिलों में लगातार ‘आपरेशन मिलाप’ चलाया जा रहा है।
बच्चों के लापता होने की खबरों के बीच स्कूल सतर्क
दिल्ली से बच्चों के लापता होने की खबरों के बीच दहशत का माहौल है। हालात को देखते हुए राजधानी के कई स्कूलों ने सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। बुधवार को स्कूलों की ओर से अभिभावकों को मैसेज भेजकर निर्देश दिए गए कि बच्चों को लेने आते समय पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र के बिना बच्चों को सौंपा नहीं जाएगा। साथ ही वैध पहचान पत्र के बिना किसी भी अभिभावक या संरक्षक को स्कूल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्कूल प्रशासन का कहना है कि यह कदम बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
ये भी पढ़ें: नए साल के पहले 15 दिनों में 800 से ज्यादा हुए लापता
