Delhi News: दिल्ली मेट्रो में एक बार फिर केबल चोरों ने सिस्टम को प्रभावित कर दिया है। दीपाली चौक और मजलिस पार्क के बीच का 9.9 किलोमीटर लंबा नया कॉरिडोर, जिसका उद्घाटन महज कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था, वहां सिग्नलिंग केबल की चोरी हो गई। इससे मेट्रो की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है।

डीएमआरसी के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल ने कहा, “केबल चोरी के कारण सिग्नलिंग सिस्टम बाधित हो गया। भलस्वा और मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशनों के बीच प्रभावित खंड में ट्रेनें 25 किमी प्रति घंटे की सीमित स्पीड से चलीं।” दयाल ने कहा कि व्यस्त समय में ट्रेनों की सेवा चलती रहती है, इसलिए उस दौरान सिग्नलिंग केबल लगाना संभव नहीं है। यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए गुरुवार रात को मेट्रो की सेवाएं खत्म होने के बाद मरम्मत का काम शुरू किया गया। उन्होंने आगे कहा, “रात में किए जाने वाले कार्यों के लिए आवश्यक योजना और तैयारी का काम दिन के दौरान ही किया जा रहा है।”

सिग्नल कंट्रोलर ने पुलिस को दी जानकारी

पुलिस को गुरुवार तड़के करीब 4.20 बजे मजलिस पार्क के सिग्नल कंट्रोलर से घटना की जानकारी मिली। उसने पुलिस को बताया कि केबलों की चोरी से सिग्नलिंग सिस्टम बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शिकायतकर्ता ने आगे कहा कि निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि लगभग 1000 मीटर सिग्नलिंग केबल चोरी हो गई थी।

पुलिस ने एक संदिग्ध को किया गिरफ्तार

डीसीपी (मेट्रो) भरत रेड्डी बोम्मारेड्डी ने बताया, “रात में गश्त कर रही एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पास के जंगल में कुछ लोगों को तांबा निकालने के लिए तार पिघलाते हुए देखा। टीम ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। इसके पास से 170-180 मीटर जला हुआ तार बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया।” आरोपी की पहचान शेख शफीक के तौर पर हुई है। वह जहांगीरपुरी का रहने वाला है।

आजादपुर मेट्रो पुलिस स्टेशन में बीएनएस की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मेट्रो पुलिस और डीएमआरसी की टीमों ने संवेदनशील जगहों की जांच भी की। अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। दयाल ने कहा, “केबल चोरी की ऐसी घटनाओं से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए डीएमआरसी को गहरा खेद है और ऐसी बार-बार होने वाली समस्याओं के समाधान के लिए कानून व्यवस्था तंत्र के साथ संपर्क में है।”

पहले भी हुई कई घटनाएं

पहले भी केबल चोरी की घटनाओं के कारण मेट्रो सेवा में अक्सर देरी होती रही है। 11 जनवरी को केबल चोरी के प्रयास के बाद एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन (यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 से नई दिल्ली) पर सेवा प्रभावित हुई। पटरियों पर लगभग 800 मीटर सिग्नलिंग केबल टूटी हुई पाई गईं। डीएमआरसी के एक अधिकारी के अनुसार, मेट्रो सेवाएं बंद रहने के दौरान, रात 12:30 बजे से सुबह 4 बजे के बीच केबल चोरी की घटनाएं आम तौर पर होती हैं। रात में चोर पुल पर चढ़ते हैं, केबल काटते हैं, उन्हें अपने साथियों को सौंपते हैं और भाग जाते हैं। अधिकारी ने बताया कि तांबे और एल्युमीनियम की मात्रा ज्यादा होने के कारण ये केबल बहुत महंगी हैं।

राजधानी की ‘लाइफ लाइन’ पर बजट की बेरुखी

आम बजट में दिल्ली मेट्रो यात्रियों के लिए किसी तरह की राहत की घोषणा न होने से राजधानी के लोगों में निराशा है। खासतौर पर मेट्रो किराए में हाल ही में हुई बढ़ोतरी के बाद आम लोगों को उम्मीद थी कि बजट में मासिक पास या किराए में छूट से जुड़ा कोई पैकेज सामने आएगा लेकिन ऐसा न होने से यात्रियों को सबसे ज्यादा यही बात खटक रही है। बता दें कि दिल्ली मेट्रों में केंद्र की अधिक हिस्सेदारी है। पढ़ें पूरी खबर…