पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने संशोधित नागरिकता कानून (CAA) के तहत नागरिकता के लिए आवेदन करने वालों को खुशखबरी दी है। उन्होंने सोमवार को कहा कि CAA के तहत नागरिकता के लिए आवेदन करने वाले 2.3 लाख लोगों में से अब तक 23,000 (यानी 10 प्रतिशत) लोगों को नागरिकता प्रमाण-पत्र जारी किए जा चुके हैं। शुभेंदु अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि आवेदनों पर सुनवाई जल्द ही पूरी हो जाएगी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “यह हमारा वादा था। हम इसे लागू कर रहे हैं। नागरिकता के लिए आवेदन करने वाले हिंदू शरणार्थियों को जल्द ही प्रमाण-पत्र जारी किए जाएंगे।” बता दें कि कुछ दिन पहले ही केंद्र सरकार ने नागरिकता प्रमाण-पत्र जारी करने की जिम्मेदारी जिलाधिकारियों को सौंपने के लिए दिशानिर्देश जारी किए थे।

23,000 लोगों को मिल चुके हैं सर्टिफ़िकेट- सीएम

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “हम ज़िला अधिकारियों के जरिए तेज़ी से काम करेंगे। 2.30 लाख लोगों में से 23,000 लोगों को सर्टिफ़िकेट मिल चुके हैं। जिन लोगों ने अभी तक अप्लाई नहीं किया है, वे अब भी ऐसा कर सकेंगे। हम सुनवाई भी तेज़ी से पूरी कर सकेंगे और बांग्लादेश से धार्मिक उत्पीड़न के कारण आए हिंदू शरणार्थियों को सर्टिफ़िकेट जारी कर सकेंगे। हमारे हिंदू शरणार्थी, मतुआ समुदाय के लोग, जो लंबे समय से उम्मीद में इंतज़ार कर रहे थे और जिन्होंने हमें सत्ता में पहुंचाया, उन्हें मुझसे सर्टिफ़िकेट मिलेंगे। भारत सरकार ने मुझे यह ज़िम्मेदारी सौंपी है।”

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अन्नपूर्णा कैश-ट्रांसफर स्कीम की महिला लाभार्थियों को पैसे ट्रांसफर करने में भेदभाव के आरोपों को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “जो लोग योग्य हैं, उन्हें (अन्नपूर्णा स्कीम के तहत) पैसे मिलेंगे। लगभग 1.45 करोड़ लाभार्थियों में से 19.2 लाख मुस्लिम परिवार हैं। हम भेदभाव नहीं करते। सरकार के पास रिकॉर्ड है कि पिछली (TMC) सरकार के दौरान किस तरह का तुष्टीकरण किया गया था। दार्जिलिंग की पहाड़ियों में एक लाख योग्य महिला लाभार्थियों को आर्थिक मदद मिली है।”

जादवपुर यूनिवर्सिटी में विवाद को लेकर क्या बोले सीएम?

जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस में RSS के स्टूडेंट विंग ABVP और CPI(M) के SFI के बीच हुई झड़पों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “जादवपुर यूनिवर्सिटी में सामान्य क्लास चल रही हैं। वहां कोई समस्या नहीं है। इसे यहां बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों को राष्ट्रवादी गतिविधियों में शामिल होना चाहिए। (माओवादी नेता) किशनजी को ‘रेड सैल्यूट’ जैसी चीजें करने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। मैं खुद अगले शुक्रवार को JU कैंपस जाऊंगा और वहां वंदे मातरम गाऊंगा।”

शुभेंदु अधिकारी ने एक बार फिर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पूर्व तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा। शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। भ्रष्ट बुआ-भतीजे की जोड़ी भ्रष्टाचार के चरम पर थी। चोरों को सबसे कड़ी सज़ा दी जाएगी। चोरी से हासिल की गई संपत्ति को ज़ब्त करने, उसकी नीलामी करने और उसे सरकारी खजाने में वापस जमा करने का काम अभी भी बाकी है।”

यह भी पढ़ें: ‘1 साल बाद जनता की अदालत में जाऊंगा, फेल हुआ तो मांगूंगा माफी’, CM शुभेंदु अधिकारी के बयान से सियासी हलचल तेज

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि 9 मई 2027 को अपने कार्यकाल का पहला साल पूरा होने पर वह एक परीक्षा में बैठेंगे और अगर वह 10 में से 9 अंक हासिल करने में विफल रहते हैं तो वह अपनी विफलता को स्वीकार करेंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…