के. अन्नामलाई ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय द्वारा चेन्नई के दूसरे हवाई अड्डे के रूप में प्रस्तावित परंदूर परियोजना को रद्द करने की घोषणा के बाद राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
अन्नामलाई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर गहरा असंतोष और चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने परंदूर परियोजना को तो रद्द कर दिया, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि नया हवाई अड्डा किस स्थान पर बनाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नए स्थान के चयन में देरी करने का सीधा मतलब तमिलनाडु के विकास को कम से कम 10 साल पीछे धकेलना है।
तमिलनाडु विकास पीछे छूट जाएगा- अन्नामलाई
भाजपा के पूर्व नेता ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जटिलता को बताते हुए कहा कि यदि सरकार किसी नए जगह को चुनती भी है, तो केंद्र सरकार और संबंधित प्राधिकरणों से मंजूरी प्राप्त करने, टेंडर जारी करने, भूमि अधिग्रहण करने और आवश्यक लाइसेंस हासिल करने में ही कम से कम एक दशक का समय बीत जाएगा। इस लंबी समय-सीमा के दौरान देश के अन्य राज्य तेजी से प्रगति करेंगे और तमिलनाडु विकास की प्रतिस्पर्धा में पीछे छूट जाएगा।
चेन्नई हवाई अड्डे के हालात को भी बताया
अन्नामलाई ने मौजूदा चेन्नई हवाई अड्डे की खस्ताहाली और बुनियादी ढांचे की सीमाओं पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्तमान चेन्नई एयरपोर्ट केवल 1,300 एकड़ में फैला है, जो हैदराबाद (5,500 एकड़), दिल्ली (5,100 एकड़), बेंगलुरु (4,000 एकड़) और नवी मुंबई (2,866 एकड़) जैसे प्रमुख हवाई अड्डों की तुलना में बहुत छोटा है। कभी दक्षिण भारत का प्रमुख प्रवेश द्वार रहा यह हवाई अड्डा अब सालाना लगभग 3 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता के साथ देश में 5वें स्थान पर खिसक चुका है। इसके अलावा, एयरोब्रिज और टैक्सीवे की कमी के कारण इसे ‘कोड एफ’ श्रेणी का दर्जा नहीं मिला है, जिससे A380 जैसे विशालकाय विमान यहां लैंड नहीं कर सकते, जबकि बेंगलुरु और हैदराबाद में यह सुविधा उपलब्ध है।
इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक सवाल उठाते हुए कहा कि परंदूर परियोजना के लिए सरकार ने 5,746 एकड़ में से लगभग 1,700 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पहले ही कर लिया था। अब जब इस परियोजना को अचानक रद्द कर दिया गया है, तो मुख्यमंत्री को जनता को यह स्पष्ट जवाब देना चाहिए कि उस अधिग्रहीत 1,700 एकड़ जमीन का अब क्या इस्तेमाल होगा। अन्नामलाई ने आग्रह किया कि सरकार को अल्पकालिक दृष्टिकोण छोड़कर तुरंत नए स्थान का चयन करना चाहिए और निर्माण कार्य को गति देनी चाहिए ताकि भविष्य में राज्य की जनता को पछताना न पड़े।
यह भी पढ़ें-अन्नामलाई ने जोसेफ विजय की पार्टी पर साधा निशाना, बोले- ‘ऐसे तो स्कूलों की हालत और खराब होगी’
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने शनिवार को एक वीडियो शेयर कर दावा किया कि 20 टीवीके के कार्यकर्ताओं में सरकारी स्कूल में घुसकर वहां चल रही क्लास को रोका और मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के जयकारे लगवाए। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
