-
हवाई यात्रा के दौरान ज्यादातर लोग एयरपोर्ट को केवल एक ट्रांजिट पॉइंट के रूप में देखते हैं, जहां से उन्हें अपनी फ्लाइट पकड़नी होती है। लेकिन आज के दौर में एयरपोर्ट केवल यात्रियों के आने-जाने की जगह नहीं रह गए हैं, बल्कि वे किसी देश या क्षेत्र की संस्कृति, पहचान और आधुनिक वास्तुकला का प्रतीक बन चुके हैं। इसी उत्कृष्टता को सम्मानित करने के लिए प्रतिष्ठित प्रिक्स वर्साय (Prix Versailles) पुरस्कार हर वर्ष दुनिया की सबसे सुंदर वास्तुकला परियोजनाओं का चयन करता है। वर्ष 2026 के लिए प्रिक्स वर्साय ने दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स और टर्मिनलों की सूची जारी की है। इस सूची में एशिया, यूरोप और उत्तरी अमेरिका के सात एयरपोर्ट शामिल हैं। खास बात यह है कि भारत के दो एयरपोर्ट्स ने भी इस प्रेस्टीजियस लिस्ट में अपनी जगह बनाई है। (Photo Source: @narendramodi/instagram)
-
क्या है प्रिक्स वर्साय पुरस्कार?
प्रिक्स वर्साय एक अंतरराष्ट्रीय वास्तुकला और डिजाइन पुरस्कार है, जिसे यूनेस्को के संरक्षण में आयोजित किया जाता है। यह पुरस्कार एयरपोर्ट, होटल, संग्रहालय, कैंपस और अन्य आधुनिक संरचनाओं को उनकी वास्तुकला, नवाचार, स्थिरता (Sustainability) और सांस्कृतिक पहचान के आधार पर सम्मानित करता है। संगठन के अनुसार, आधुनिक एयरपोर्ट अब केवल यात्रा केंद्र नहीं हैं, बल्कि वे अपने क्षेत्र की संस्कृति, अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास का प्रतिनिधित्व करने वाले महत्वपूर्ण स्थल बन चुके हैं। (Photo Source: @PrixVersailles/X) -
दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स 2026
ग्वांगझोउ बाययुन इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल 3, चीन
चीन के ग्वांगझोउ शहर में स्थित यह टर्मिनल स्थानीय लिंगनान संस्कृति से प्रेरित है। इसके डिजाइन में बादल, पानी और फूलों के चक्र को दर्शाया गया है। विशाल एट्रियम, बगीचे और प्राकृतिक रोशनी से भरपूर यह टर्मिनल यात्रियों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करता है। यह चीन के सबसे बड़े सार्वजनिक ऑब्जर्वेशन डेक्स में से एक का भी घर है। (Photo Source: Guangzhou) -
फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट टर्मिनल 3, जर्मनी
यूरोप के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल यह टर्मिनल यात्रियों को किसी आधुनिक शहरी माहौल का अनुभव कराता है। विशाल कांच की खिड़कियां, प्राकृतिक रोशनी और मॉड्यूलर डिजाइन इसे टिकाऊ और आकर्षक बनाते हैं। (Photo Source: Terminal 3) -
लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल 2, गुवाहाटी, भारत
भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाला यह टर्मिनल असम की जैव विविधता और स्थानीय परंपराओं से प्रेरित है। इसकी छत का डिजाइन बांस ऑर्किड से प्रेरित है, जबकि इंटीरियर में आदिवासी कला और स्थानीय हस्तशिल्प को शामिल किया गया है। बांस, प्राकृतिक प्रकाश और हरित डिजाइन के उपयोग ने इसे पर्यावरण अनुकूल भी बनाया है। (Photo Source: @narendramodi/instagram) -
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल 1, भारत
साल 2025 में शुरू हुए इस एयरपोर्ट का डिजाइन विश्व प्रसिद्ध जाहा हदीद आर्किटेक्ट्स द्वारा तैयार किया गया है। इसका कमल से प्रेरित डिजाइन भारतीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन संगम प्रस्तुत करता है। डिजिटल आर्ट इंस्टॉलेशन और अत्याधुनिक सुविधाएं इसे भविष्य के एयरपोर्ट की पहचान देती हैं। (Photo Source: Navi Mumbai International Airport) -
तेचो इंटरनेशनल एयरपोर्ट, कंबोडिया
फ्नोम पेन्ह के दक्षिण में स्थित यह एयरपोर्ट खमेर संस्कृति और आधुनिक वास्तुकला का शानदार उदाहरण है। इसकी छत का डिजाइन कंबोडिया के पारंपरिक महलों और मंदिरों से प्रेरित है। यहां प्राकृतिक वेंटिलेशन और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। (Photo Source: Techo International Airport) -
पिट्सबर्ग इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमेरिका
अलेघेनी पर्वतों से प्रेरित इसकी लहरदार छत और पेड़ों जैसी दिखने वाली स्टील संरचनाएं यात्रियों को प्रकृति के करीब होने का एहसास कराती हैं। ऊर्जा दक्षता और यात्रियों की सुविधा के लिहाज से यह एयरपोर्ट एक आदर्श मॉडल माना जा रहा है। (Photo Source: Pittsburgh International Airport/Facebook) -
सैन डिएगो इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल 1, अमेरिका
पूरी तरह से पुनर्निर्मित यह टर्मिनल आधुनिक डिजाइन, विशाल कांच की घुमावदार दीवारों और प्राकृतिक रोशनी के लिए जाना जाता है। इसकी कार्बन फुटप्रिंट में लगभग 30 प्रतिशत की कमी लाई गई है, जो इसे पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाती है। (Photo Source: @sdconventionctr/instagram) -
भारत के लिए गर्व की बात
इस वर्ष की सूची में गुवाहाटी का लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल 2 और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल 1 का शामिल होना भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है। दोनों एयरपोर्ट भारतीय संस्कृति, स्थानीय पहचान और आधुनिक तकनीक का उत्कृष्ट मिश्रण प्रस्तुत करते हैं। (Photo Source: @narendramodi/instagram) -
वर्ष के अंत में मिलेंगे खास सम्मान
प्रिक्स वर्साय के अनुसार, इस लिस्ट में शामिल सात एयरपोर्ट्स में से तीन को वर्ष के अंत में वर्ल्ड टाइटल – प्रिक्स वर्साय, बेस्ट इंटीरियर और बेस्ट एक्सटीरियर जैसे विशेष सम्मान भी दिए जाएंगे। (Photo Source: Navi Mumbai International Airport)
(यह भी पढ़ें: दुनिया के 16 सबसे खूबसूरत होटलों की लिस्ट जारी, जानिए भारत का कौन-सा होटल हुआ शामिल)