-
लक्जरी होटल अब केवल आलीशान कमरों और शानदार सुविधाओं के लिए नहीं जाने जाते। आज के दौर में किसी होटल की पहचान उसकी वास्तुकला, सांस्कृतिक विरासत, एनवायरमेंट सेंसिटिविटी और स्थानीय पहचान को संरक्षित करने की क्षमता से भी तय होती है। इन्हीं मानकों के आधार पर फ्रांस में स्थापित और यूनेस्को (UNESCO) के समर्थन से संचालित प्रिक्स वर्सेल्स (Prix Versailles) ने वर्ष 2026 के लिए दुनिया के 16 सबसे खूबसूरत होटलों की लिस्ट जारी की है। यह प्रेस्टीजियस लिस्ट उन होटलों को सम्मानित करती है जो वास्तुकला, डिजाइन, सांस्कृतिक महत्व और टिकाऊ विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हैं। खास बात यह है कि इस बार भारत से केवल एक होटल ने इस प्रेस्टीजियस लिस्ट में जगह बनाई है। (Photo Source: The Oberoi Rajgarh Palace)
-
आर्केडिया प्लेस, लुगु लेक – यानयुआन, चीन
सिचुआन प्रांत की खूबसूरत लुगु झील के किनारे स्थित यह होटल पहाड़ों और प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा हुआ है। इसकी वास्तुकला स्थानीय मोसूओ समुदाय की संस्कृति से प्रेरित है, जिन्हें दुनिया के अंतिम मेट्रिआर्कल सोसाइटीज में गिना जाता है। यहां का प्रसिद्ध ‘आई ऑफ द स्काई’ इन्फिनिटी पूल झील और पर्वतों का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करता है। (Photo Source: The Arcadia Place) -
द सिल्क लेकहाउस, शांगरी-ला – हांगझोऊ, चीन
यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल वेस्ट लेक के किनारे स्थित यह होटल ऐतिहासिक रेशम व्यापारियों के घरों से प्रेरित है। इसकी डिजाइन में चीनी और यूरोपियन स्टाइल का सुंदर मिश्रण देखने को मिलता है। यहां से झील और शहर का मनोरम दृश्य दिखाई देता है। (Photo Source: The Silk Lakehouse, Shangri-La Hangzhou) -
सर प्राग – प्राग, चेक रिपब्लिक
1884 की एक पुनर्स्थापित नियो-रेनेसां इमारत में बना यह होटल आधुनिक डिजाइन और चेक क्यूबिज्म का बेहतरीन उदाहरण है। होटल की इंटीरियर डेकोरेशन में प्राग की पौराणिक संस्थापक राजकुमारी लिबुशे की झलक दिखाई देती है। (Photo Source: Sir Prague) -
चीमगाउहोफ लेकसाइड रिट्रीट – उबरसी, जर्मनी
बवेरिया की प्रसिद्ध चीमजे झील के किनारे स्थित यह होटल प्रसिद्ध वास्तुकार माटेओ थुन द्वारा डिजाइन किया गया है। इसकी वास्तुकला पारंपरिक बवेरियन खलिहानों से प्रेरित है और यहां से आल्प्स पर्वतों का अद्भुत दृश्य दिखाई देता है। (Photo Source: Chiemgauhof Lakeside Retreat) -
ला फाउंडेशन – पेरिस, फ्रांस
पेरिस के बाटिन्योल्स इलाके में स्थित यह होटल केवल ठहरने की जगह नहीं बल्कि एक सांस्कृतिक केंद्र भी है। यहां होटल, वेलनेस सेंटर, रेस्तरां, कला प्रदर्शनी स्थल और हरे-भरे बगीचों का अनूठा संयोजन देखने को मिलता है। (Photo Source: La Fondation) -
लेस रोचेस – ले लावंडौ, फ्रांस
फ्रेंच रिवेरा के भूमध्यसागरीय तट पर स्थित यह होटल 1930 के दशक से कलाकारों और मशहूर हस्तियों का पसंदीदा ठिकाना रहा है। होटल की नई डिजाइन समुद्र में तैरते जहाज जैसा आभास कराती है। (Photo Source: Les Roches) -
द टेलीग्राफ होटल – त्बिलिसी, जॉर्जिया
एक समय सोवियत युग का कम्युनिकेशन हेडक्वार्टर रहा यह भवन अब टिबिलिसी के सबसे आकर्षक होटलों में गिना जाता है। होटल के भीतर की गलियां और पब्लिक प्लेस शहर के ट्रेडिशनल मोहल्लों से प्रेरित हैं। (Photo Source: The Telegraph Hotel) -
विला डुब्रोवनिक – डुब्रोवनिक, क्रोएशिया
एड्रियाटिक सागर के किनारे स्थित यह होटल डुब्रोवनिक के ऐतिहासिक पुराने शहर का शानदार दृश्य प्रस्तुत करता है। स्थानीय चूना पत्थर, ओक और ट्रेडिशनल क्रोएशियाई आर्ट का उपयोग इसकी पहचान है। (Photo Source: Villa Dubrovnik) -
द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस – खजुराहो, भारत
मध्य प्रदेश में पन्ना नेशनल पार्क के निकट स्थित यह 350 वर्ष पुराना महल भारत का एकमात्र होटल है जिसे इस लिस्ट में स्थान मिला है। कभी किला रहे इस महल का सावधानीपूर्वक रेस्टोरेशन किया गया है। यहां 65 आलीशान कमरे, निजी विला, सुंदर उद्यान, झील और ट्रेडिशनल इंडियन हैंडीक्राफ्ट्स देखने को मिलते हैं। जल संरचनाएं, बुंदेलखंड की विरासत और शाही वास्तुकला इसे खास बनाती हैं। (Photo Source: The Oberoi Rajgarh Palace) -
ओरिएंट एक्सप्रेस ला मिनर्वा – रोम, इटली
रोम के ऐतिहासिक केंद्र में स्थित यह होटल 17वीं सदी के महल में बनाया गया है। इसकी डिजाइन प्रसिद्ध लक्जरी ट्रेन ओरिएंट एक्सप्रेस की यात्रा संस्कृति से प्रेरित है और यहां से पैंथियन का शानदार दृश्य दिखाई देता है। (Photo Source: Orient Express La Minerva) -
स्प्लेंडिडो, ए बेलमंड होटल – पोर्टोफिनो, इटली
16वीं सदी के एक बेनेडिक्टाइन मठ को परिवर्तित कर बनाए गए इस होटल ने चार्ली चैपलिन और वॉल्ट डिज्नी जैसी हस्तियों की मेजबानी की है। यहां का भव्य इंटीरियर और समुद्री दृश्य पर्यटकों को आकर्षित करता है। (Photo Source: Splendido) -
कस्बाह द’इफ – माराकेश, मोरक्को
अगाफे रेगिस्तान के किनारे स्थित यह होटल पारंपरिक मोरक्कन कस्बों की शैली में कच्ची मिट्टी से निर्मित है। इसकी मोटी दीवारें और स्थानीय कारीगरी इसे रेगिस्तान के बीच एक अनोखा नखलिस्तान बनाती हैं। (Photo Source: Kasbah d’If) -
नाबोआ – तुलुम, मेक्सिको
तुलुम के घने जंगलों में बसा यह होटल प्रकृति के साथ सामंजस्य का सब से अच्छा उदाहरण है। निर्माण के दौरान लगभग 60 प्रतिशत मूल वनस्पति को संरक्षित रखा गया, जिससे यह स्थान पूरी तरह प्राकृतिक अनुभव प्रदान करता है। (Photo Source: Naboa) -
सोरी पेनांग – जॉर्ज टाउन, मलेशिया
यूनेस्को विश्व धरोहर शहर जॉर्ज टाउन में स्थित यह होटल 15 ऐतिहासिक शॉपहाउस को पुनर्स्थापित कर बनाया गया है। इसकी डिजाइन विरासत संरक्षण और मॉडर्न हॉस्पिटैलिटी का सुंदर संतुलन प्रस्तुत करती है। (Photo Source: Soori Penang) -
डेजर्ट रॉक – हनाक, सऊदी अरब
हिजाज पर्वतों की चट्टानों के भीतर निर्मित यह रिसॉर्ट वास्तुकला का अद्भुत नमूना है। यहां के विला और सुइट्स गुफाओं, चट्टानों और पहाड़ी दरारों में बनाए गए हैं, जिससे वे प्राकृतिक परिवेश में घुल-मिल जाते हैं। (Photo Source: Desert Rock) -
मेसन मिस्टिक – खाओ याई, थाईलैंड
थाईलैंड के खाओ याई क्षेत्र में स्थित यह बुटीक होटल किसी काल्पनिक दुनिया जैसा अनुभव देता है। यहां के थीम-आधारित कमरे, गुप्त बगीचे, भूलभुलैया और रात में जैज बार में बदलने वाली लाइब्रेरी इसे बेहद खास बनाती हैं। (Photo Source: Maison Mystique)
(यह भी पढ़ें: दुनिया के वो पर्वत शिखर, इतिहास के महान व्यक्तियों पर रखे गए हैं जिनके नाम)