-
चावल की थाली से लेकर मसालों की खुशबू तक, दूध की धार से लेकर आमों की मिठास तक, भारत सिर्फ एक देश नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का अन्न भंडार है। जब दुनिया भोजन, पोषण और खाद्य सुरक्षा की बात करती है, तो भारत मजबूती से सबसे आगे खड़ा नजर आता है। खेतों में मेहनत करते किसान, हरियाली से लहलहाते खेत और रिकॉर्ड तोड़ उत्पादन, यही है भारत की असली ताकत। चलिए जानते हैं भारत की असली सुपरपावर के बारे में। (Photo Source: Pexels)
-
चावल (Rice)
दुनिया में चावल के उत्पादन में भारत अब सबसे आगे निकल चुका है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और 2024-25 फसल वर्ष से जुड़े ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत का चावल उत्पादन 150.18 मिलियन टन तक पहुंच गया है, जबकि चीन का उत्पादन 145.28 मिलियन टन रहा। इस तरह भारत ने चीन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक देश बनने का रिकॉर्ड कायम किया है। (Photo Source: Pexels) -
मिलेट्स (Millets)
मिलेट्स यानी श्री अन्न के उत्पादन में भी भारत की वैश्विक पकड़ सबसे मजबूत मानी जाती है। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO), प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) और इंडियन ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन (IBEF) के आंकड़े बताते हैं कि दुनिया में होने वाले कुल मिलेट उत्पादन का लगभग 38.4 प्रतिशत हिस्सा अकेले भारत से आता है। (Photo Source: Pexels) -
दालें (Pulses)
दालों के मामले में भी भारत दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक देश है। APEDA, डायरेक्टोरेट ऑफ पल्सेस डेवलपमेंट और नीति आयोग के अनुसार, वैश्विक दाल उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी करीब 25 से 28 प्रतिशत है, जिससे यह साफ होता है कि दुनिया की प्रोटीन जरूरतों में भारत की भूमिका कितनी अहम है। (Photo Source: Pexels) -
मसाले (Spices)
मसालों के उत्पादन, खपत और निर्यात- तीनों क्षेत्रों में भारत का दबदबा बना हुआ है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के तहत स्पाइसेज बोर्ड ऑफ इंडिया और इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर स्टैंडर्डाइजेशन (ISO) के अनुसार, भारत में ISO द्वारा लिस्टेड 109 में से 75 किस्मों के मसाले उगाए जाते हैं, जो भारत को मसालों का वैश्विक केंद्र बनाते हैं। (Photo Source: Pexels) -
केला (Bananas)
केले के उत्पादन में भारत लगातार दुनिया में पहले स्थान पर बना हुआ है। संयुक्त राष्ट्र के FAO और APEDA के आंकड़ों के मुताबिक, भारत हर साल 30 से 35 मिलियन मीट्रिक टन केले का उत्पादन करता है, जो वैश्विक उत्पादन का लगभग 25 से 30 प्रतिशत है। (Photo Source: Pexels) -
आम (Mangoes)
आम के उत्पादन में भारत की बादशाहत सबसे ज्यादा दिखाई देती है। भारत सरकार के कृषि विभाग, नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड (NHB) और FAO से जुड़े अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार, दुनिया में पैदा होने वाले कुल आमों का लगभग 40 से 50 प्रतिशत हिस्सा भारत में उगाया जाता है, जिसमें सालाना उत्पादन 25 मिलियन टन से ज्यादा है। (Photo Source: Pexels) -
दूध (Milk)
दूध उत्पादन में भारत पिछले दो दशकों से दुनिया में नंबर-1 बना हुआ है। FAOSTAT और बेसिक एनिमल हसबेंड्री स्टैटिस्टिक्स (BAHS) 2025 के अनुसार, भारत 1998 से लगातार शीर्ष स्थान पर है और 2023-24 में देश का दूध उत्पादन 239.30 मिलियन टन तक पहुंच गया, जो वैश्विक उत्पादन का करीब 24–25 प्रतिशत है। (Photo Source: Pexels) -
मवेशी (Cattle)
पशुधन के मामले में भी भारत दुनिया में सबसे आगे है। संयुक्त राष्ट्र के FAO और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की 20वीं पशुगणना (2019) के अनुसार, भारत में मवेशियों की संख्या 300 मिलियन से अधिक है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। (Photo Source: Pexels) -
बकरियां (Goats)
बकरियों की आबादी के मामले में भी भारत शीर्ष पर है। FAO, वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू के 2026 डेटासेट और भारत की 20वीं पशुगणना के अनुसार, 2024-26 के दौरान भारत दुनिया में सबसे ज्यादा बकरियों वाला देश बना हुआ है, इसके बाद चीन और नाइजीरिया का स्थान आता है। (Photo Source: Pexels) -
भैंस (Buffaloes)
भैंसों की आबादी में भारत का दबदबा और भी मजबूत है। संयुक्त राष्ट्र के FAO और सेंट्रल इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च ऑन बफैलोज़ (CIRB) के आंकड़े बताते हैं कि दुनिया की 56 से 58 प्रतिशत पालतू भैंसें अकेले भारत में पाई जाती हैं। (Photo Source: Pexels) -
दूसरे स्थान पर भी भारत की दमदार मौजूदगी
इसके अलावा FAO और भारत सरकार की कृषि रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत गेहूं, गन्ना, चाय, नारियल, अदरक, प्याज, टमाटर, आलू, फल और सब्जियों के उत्पादन में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है। कई सेक्टर्स में भारत चीन से पीछे है, जबकि गन्ने के उत्पादन में ब्राज़ील पहले और भारत दूसरे स्थान पर है। (Photo Source: Pexels)
(यह भी पढ़ें: खेती में AI की एंट्री, ‘भारत-विस्तार’ से बदल सकती है भारतीय कृषि की तस्वीर)