-
अगर आप पहली बार ट्रेकिंग करने की सोच रहे हैं, तो भारत में ऐसे कई खूबसूरत ट्रेक मौजूद हैं जो शुरुआती लोगों के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं। इन ट्रेक्स में कठिन चढ़ाई कम है, लेकिन प्राकृतिक सुंदरता और रोमांच भरपूर मिलता है। बर्फ से ढके पहाड़, हरे-भरे घास के मैदान, घने जंगल और मनमोहक सूर्योदय-सूर्यास्त का अनुभव आपकी पहली हाइकिंग को यादगार बना देगा। आइए जानते हैं भारत के 7 बेहतरीन बिगिनर-फ्रेंडली ट्रेक्स के बारे में। (Photo Source: Pexels)
-
चोपता-चंद्रशिला ट्रेक, उत्तराखंड
यह छोटा लेकिन बेहद रोमांचक ट्रेक प्रकृति और अध्यात्म का अनोखा संगम है। रास्ते में दुनिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर तुंगनाथ के दर्शन होते हैं। इसके बाद चंद्रशिला शिखर तक की अंतिम चढ़ाई थोड़ी चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन शिखर से दिखाई देने वाला हिमालय का मनोरम दृश्य सारी थकान भुला देता है। (Photo Source: Pexels) -
दयारा बुग्याल, उत्तराखंड
दयारा बुग्याल भारत के सबसे सुंदर अल्पाइन घास के मैदानों में से एक माना जाता है। इसकी आसान चढ़ाई इसे नए ट्रेकर्स के लिए आदर्श बनाती है। गर्मियों में यहां हरे-भरे मैदान दिखाई देते हैं, जबकि सर्दियों में यही जगह बर्फ से ढककर स्कीइंग के लिए भी मशहूर हो जाती है। पूरे ट्रेक के दौरान गंगोत्री माउंटेन रेंज के मनमोहक दृश्य आपका साथ देते हैं। (Photo Source: Pexels) -
केदारकांठा ट्रेक, उत्तराखंड
सर्दियों में ट्रेकिंग का अनुभव लेना चाहते हैं, तो केदारकांठा ट्रेक शानदार विकल्प है। देवदार के जंगलों से गुजरते हुए यह ट्रेक धीरे-धीरे ऊंचाई की ओर बढ़ता है और अंत में शिखर से चारों तरफ फैले बर्फ से ढके हिमालय का 360 डिग्री दृश्य देखने को मिलता है। यह ट्रेक शुरुआती लोगों को हिमालयी ट्रेकिंग का असली अनुभव देता है। (Photo Source: Pexels) -
खीरगंगा ट्रेक, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश की पार्वती घाटी में स्थित खीरगंगा ट्रेक पहली बार ट्रेकिंग करने वालों के बीच काफी लोकप्रिय है। यह रास्ता देवदार के घने जंगलों, झरनों और खूबसूरत पहाड़ी दृश्यों से होकर गुजरता है। ट्रेक पूरा करने के बाद प्राकृतिक गर्म पानी के कुंड में स्नान का अनुभव इस यात्रा को और भी खास बना देता है। चारों ओर फैली बर्फीली चोटियां इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देती हैं। (Photo Source: Pexels) -
कुड्रेमुख ट्रेक, कर्नाटक
दक्षिण भारत में ट्रेकिंग का आनंद लेना चाहते हैं तो कर्नाटक का कुड्रेमुख ट्रेक बेहतरीन विकल्प है। पश्चिमी घाट की हरी-भरी पहाड़ियां, घने शोला वन और धुंध से ढके रास्ते इस ट्रेक को बेहद खास बनाते हैं। घोड़े के चेहरे जैसी आकृति वाली इसकी प्रसिद्ध चोटी और आसपास की हरी घाटियों का दृश्य प्रकृति प्रेमियों को खूब आकर्षित करता है। (Photo Source: Pexels) -
संदाकफू ट्रेक, पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल का संदाकफू ट्रेक भारत के सबसे प्रसिद्ध आसान ट्रेक्स में गिना जाता है। यह ट्रेल भारत-नेपाल सीमा के साथ-साथ चलता है और शुरुआती ट्रेकर्स के लिए काफी उपयुक्त है। यहां से दुनिया की चार सबसे ऊंची चोटियों का अद्भुत दृश्य दिखाई देता है। खासतौर पर ‘स्लीपिंग बुद्धा’ माउंटेन रेंज का नजारा इस ट्रेक की सबसे बड़ी खासियत माना जाता है। (Photo Source: Pexels) -
त्रियुंड ट्रेक, हिमाचल प्रदेश
अगर आप कम मेहनत में शानदार हिमालयी नजारे देखना चाहते हैं, तो त्रियुंड ट्रेक आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। यह ट्रेक साफ-सुथरे रास्तों और आसान चढ़ाई के कारण शुरुआती ट्रेकर्स के बीच बेहद लोकप्रिय है। रास्ते में रोडोडेंड्रॉन के जंगल और अंत में धौलाधार माउंटेन रेंजका अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है। यहां का सूर्यास्त किसी भी प्रकृति प्रेमी का दिल जीत सकता है। (Photo Source: Pexels)
(यह भी पढ़ें: मानसून में मोरों की खूबसूरती का दीदार कराएंगी भारत की ये शानदार लोकेशन, इन जगहों का करें रुख)