-
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित सिविल इन्वेस्टिचर सेरेमनी-II में वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री से सम्मानित किया गया। भारत सरकार ने वर्ष 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। समारोह के दूसरे चरण में कई प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया। (ANI Photo)
-
समारोह में कुल 66 पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 57 पद्म श्री शामिल थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विभिन्न क्षेत्रों- कला, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, खेल, सामाजिक सेवा और लोक प्रशासन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। पद्म श्री प्राप्त करने वाले 57 पुरस्कार विजेताओं में एक्टर आर माधवन, भारत के स्टार क्रिकेटर और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, और भारतीय महिला हॉकी टीम की शानदार गोलकीपर सविता पूनिया समेत देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े कई अनसुने नायक और समाजसेवी भी शामिल रहे, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर देश का नाम रोशन किया है। (ANI Photo)
-
पी. नारायणन
साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। 90 वर्षीय नारायणन ने अपना पूरा जीवन राष्ट्रवादी पत्रकारिता और सामाजिक जागरण को समर्पित किया है। वे 1975 से जनमभूमि दैनिक से जुड़े हुए हैं और उनका प्रसिद्ध साप्ताहिक कॉलम ‘संघपथथिलोड़े’ आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले अनाम स्वयंसेवकों की गाथाओं को सामने लाने के लिए जाना जाता है। (ANI Photo) -
जस्टिस (सेवानिवृत्त) के.टी. थॉमस
पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश न्यायमूर्ति के.टी. थॉमस को सार्वजनिक मामलों के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए पद्म विभूषण प्रदान किया गया। उन्होंने आपराधिक कानून, पुलिस सुधार और भ्रष्टाचार विरोधी प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विभिन्न आयोगों और समितियों के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई अहम नीतिगत सुझाव दिए हैं। (ANI Photo) -
विजय अमृतराज
भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी विजय अमृतराज को खेल क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उन्होंने लगातार 20 वर्षों तक डेविस कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया और एटीपी रैंकिंग में 16वां स्थान हासिल किया, जो किसी भारतीय खिलाड़ी की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। वे संयुक्त राष्ट्र के मैसेंजर ऑफ पीस बनने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी भी हैं। (PTI Photo) -
डॉ. एसकेएम मैलानंदन
प्रसिद्ध समाजसेवी और उद्यमी डॉ. एसकेएम मैलानंदन को सामाजिक कार्यों के लिए पद्म भूषण प्रदान किया गया। उन्होंने किसानों के कल्याण, ग्रामीण रोजगार सृजन और योग-ध्यान के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विश्व समुदाय सेवा केंद्र के माध्यम से उन्होंने भारत और विदेशों में हजारों केंद्र स्थापित किए हैं। (PTI Photo) -
एक्टर ममूटी
भारतीय सिनेमा के दिग्गज एक्टर ममूटी को कला क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। पांच दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 400 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और दस केरल राज्य फिल्म पुरस्कार जीत चुके ममूटी को भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली अभिनेताओं में गिना जाता है। (PTI Photo) -
वेल्लापल्ली नटेशन
प्रमुख सामाजिक नेता वेल्लापल्ली नटेशन को सार्वजनिक मामलों के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म भूषण प्रदान किया गया। उन्होंने पिछड़े वर्गों के सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए लंबे समय तक कार्य किया है। उनके नेतृत्व में एसएनडीपी योगम और श्री नारायण ट्रस्ट की शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों का व्यापक विस्तार हुआ। (ANI Photo) -
डॉ. दत्तात्रेयुडु नोरी
विश्व प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ डॉ. दत्तात्रेयुडु नोरी को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उन्होंने कैंसर उपचार की कई आधुनिक तकनीकों को विकसित करने में अहम भूमिका निभाई है, जिससे दुनिया भर में लाखों मरीजों को लाभ मिला है। वे भारत में कैंसर देखभाल को मजबूत बनाने के लिए भी लगातार कार्यरत रहे हैं। (PTI Photo) -
शिबू सोरेन (मरणोपरांत)
झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को सार्वजनिक मामलों के क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने राष्ट्रपति से यह सम्मान ग्रहण किया। ‘दिशोम गुरु’ के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन ने आदिवासी अधिकारों और झारखंड राज्य के गठन के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। (ANI Photo) -
अलका याज्ञनिक
भारतीय संगीत जगत की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका अलका याज्ञनिक को कला क्षेत्र में उनके शानदार योगदान के लिए पद्म भूषण प्रदान किया गया। चार दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने हिंदी सहित कई भारतीय भाषाओं में हजारों गीत गाए हैं। उनकी मधुर आवाज और यादगार गीतों ने उन्हें भारतीय फिल्म संगीत की सबसे लोकप्रिय गायिकाओं में शामिल किया है। (PTI Photo) -
अनसुने नायकों को भी मिला सम्मान
सरकार के अनुसार, इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों में देशभर के ऐसे अनसुने नायकों को शामिल किया गया है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आदिवासी कल्याण और सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं और इन्हें कला, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, खेल, सामाजिक सेवा तथा लोक प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। (ANI Photo)
(यह भी पढ़ें: दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स 2026 की लिस्ट जारी, भारत के दो एयरपोर्ट्स ने मारी बाजी)