-
फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में सोमवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, 7.8 तीव्रता के इस भूकंप में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई इलाकों में नुकसान का आकलन अभी जारी है। (Photo AFP)
-
फिलीपींस के आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में दक्षिणी शहर जनरल सैंटोस शामिल है, जहां से आठ लोगों की मौत की खबर मिली है। हालांकि, प्रशासन अभी इन रिपोर्टों का सत्यापन कर रहा है। (Photo AP)
-
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 7.8 मापी गई और इसका केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। शुरुआत में इसकी तीव्रता 8.2 बताई गई थी, जिसे बाद में संशोधित किया गया। (Photo: @MarioNawfal/X)
-
भूकंप के बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने संभावित सुनामी का अलर्ट जारी किया। वहीं फिलीपींस और इंडोनेशिया दोनों देशों की एजेंसियों ने तटीय क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। (Photo: @MarioNawfal/X)
-
फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सिस्मोलॉजी (Phivolcs) ने भूकंप की तीव्रता 7.0 बताई है। एजेंसी ने चेतावनी दी कि एक मीटर से अधिक ऊंची सुनामी लहरें तटीय इलाकों तक पहुंच सकती हैं और उनका प्रभाव कई घंटों तक बना रह सकता है। (Photo AP)
-
इंडोनेशिया की मौसम और भूभौतिकी एजेंसी (BMKG) ने भी भूकंप की तीव्रता 7.7 दर्ज की है। उत्तरी इंडोनेशिया के मनाडो शहर में भी लोगों ने तेज झटके महसूस किए। (Photo AP)
-
सारंगानी प्रांत के अलाबेल कस्बे के पुलिस प्रमुख बेंजि एंचेटा ने बताया कि भूकंप के दौरान स्थानीय पुलिस स्टेशन की इमारत में मामूली दरारें आ गईं। उन्होंने कहा, ‘यह हमारे क्षेत्र में महसूस किया गया सबसे शक्तिशाली भूकंप था। घबराहट के कारण कुछ लोग बेहोश भी हो गए, हालांकि तत्काल किसी अन्य हताहत की सूचना नहीं मिली है।’ (Photo: @MarioNawfal/X)
-
भूकंप के बाद कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो और तस्वीरों में सड़कों पर मलबा, धूल के गुबार और क्षतिग्रस्त भवन दिखाई दे रहे हैं। कुछ वाहनों को भी गिरते मलबे से नुकसान पहुंचा है। (Photo: @opgovph/X)
-
गौरतलब है कि फिलीपींस और इंडोनेशिया प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित हैं। यह इलाका टेक्टोनिक प्लेटों की सक्रियता के कारण दुनिया के सबसे अधिक भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियों वाले क्षेत्रों में गिना जाता है। (Phto AP)
-
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी हैं तथा प्रशासन तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दे रहा है। (Photo: @MarioNawfal/X)