-
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ी आग लगने की घटना ने हड़कंप मचा दिया। अभय खंड स्थित ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के एक रिहायशी फ्लैट में सुबह करीब 8:30 बजे आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों के कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। (PTI Photo)
-
आग इतनी भीषण थी कि इमारत से घना काला धुआं उठता हुआ दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती गई, जिससे नौवीं से लेकर ग्यारहवीं मंजिल तक कई फ्लैट प्रभावित हुए। (Photo Source: ANI)
-
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए 15 से 17 दमकल गाड़ियां और हाइड्रोलिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। शुरुआती दिक्कतों के बावजूद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। (PTI Photo)
-
चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फ्लैटों में फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रभावित फ्लैटों में कुछ खाली थे जबकि कुछ में लोग रह रहे थे, जिनमें आंशिक नुकसान हुआ है। (Photo Source: ANI)
-
हालांकि, सोसाइटी के एक निवासी ने दावा किया कि आग में 10 से 12 फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गए। उन्होंने आशंका जताई कि आग लगने की वजह बिजली से जुड़ी कोई खराबी हो सकती है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। (PTI Photo)
-
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत नौवीं मंजिल से हुई थी, लेकिन इसके सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की जांच की जा रही है। (PTI Photo)
-
बताया जा रहा है कि आग बुझाने के दौरान पानी के प्रेशर की कमी भी एक बड़ी समस्या बनी, जिसका कारण पार्क के पास बनी एक दीवार के चलते पहुंच में आई बाधा बताई जा रही है। (PTI Photo)
-
इस बीच, योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। (PTI Photo)
-
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी के फंसे होने की आशंका नहीं जताई जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पूरी जांच के बाद ही आग लगने के असली कारणों का खुलासा किया जाएगा। (PTI Photo)
(यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में क्यों हो जाती है कमजोरी और चक्कर, शरीर पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों को जानें)