
Lok Sabha Election 2019: राजनेता अक्सर अपने कामों और बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं। पर इससे कहीं ज्यादा वे निजी जिंदगी और आदतों की वजह से खास होते हैं। मसलन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) चीफ अमित शाह राजनीतिक दांव-पेंच में माहिर होने के साथ क्रिकेट पर भी तगड़ी पकड़ रखते हैं। ऐसे ही बीजेपी के कद्दावर नेता और संघ में अच्छी पैठ रखने वाले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को खाने-पीने का काफी शौक है। वहीं, कांग्रेसी खेमे की बात करें तो पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को एयरक्राफ्ट किट के मॉडल कलेक्ट करना अच्छा लगता है, जबकि इटली मूल की मां और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) प्रमुख सोनिया गांधी लंबे समय से मनपसंद खाने की चीजों से परहेज कर रही हैं। जानिए इन चारों राजनीतिक दिग्गजों के जीवन से जुड़ी कुछ ऐसी ही रोचक और जुदा बातें।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) चीफ राजनीति के अलावा क्रिकेट और उसके इतिहास पर जबर्दस्त पकड़ रखते हैं। महासचिवों के साथ बैठक में एक बार इसके बारे में दो घंटे तक बोलते रह गए थे। पीएम नरेंद्र मोदी और शाह की जोड़ी ने भाजपा को एक नया आयाम दिया है। पार्टी का प्रसार सुदूर उत्तर से लेकर सुदूर दक्षिण औप पूर्व से पश्चिम तक कराया है। चुनावी राजनीति को इस जोड़ी ने न केवल नई परिभाषा दी बल्कि जीत दर्ज करने और हार कर भी सरकार बना लेने की नई राजनीतिक दांव पेंच का परिचय दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को एयरक्राफ्ट किट के मॉडल इकट्ठा करना और उन्हें जोड़ना बहुत पसंद है। पिता राजीव गांधी न केवल देश के पूर्व पीएम रहे हैं, बल्कि एयर इंडिया के पायलट भी थे। दिसंबर 2017 में राहुल कांग्रेस अध्यक्ष बने, जिससे पहले मां सोनिया इस पद पर थीं। कांग्रेस की बागडोर संभालते ही उसमें कई बदलाव किए। गुजरात में भी नरेंद्र मोदी और भाजपा को कड़ी टक्कर दी और देशभर में युवा नेताओं को जोड़ा।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी खाने-पीने के बेहद शौकीन हैं। वह कहीं जाते हैं तो उस जगह के मशहूर व्यंजन/मिठाई या अन्य खाद्य पदार्थ का स्वाद लिए बिना नहीं लौटते। देशभर में मूत्र को इकट्ठा करने का आइडिया देते हुए कहा था कि देश में इससे यूरिया की जरूरतें पूरी हो जाएंगी और यूरिया खाद आयात नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बतया था कि वह अपने घर के पौधों में इसे डालते हैं। गडकरी भाजपा के कद्दावर नेता, संघ के करीबी हैं और नागपुर से आते हैं।

कांग्रेस की पूर्व सर्वेसर्वा सोनिया गांधी कई पसंदीदा खाद्य पदार्थों को छोड़ चुकी हैं, पर नारियल पानी आज भी उनकी नंबर-1 पसंद है। करीब 20 सालों तक देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं। इटली में जन्मीं, पली-बढ़ीं। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पत्नी। विदेशी मूल के मुद्दे पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के नेताओं का जबर्दस्त विरोध झेलना पड़ा। 2004 के लोकसभा चुनाव में उनकी अगुआई में कांग्रेस गठबंधन ने जीत दर्ज की तब उन्होंने त्याग का परिचय देते हुए मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनने का ऑफर दिया।