-
नोएडा में सोमवार को फैक्ट्री कर्मचारियों का वेतन वृद्धि को लेकर किया गया प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। कई जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। (ANI Video Grab)
-
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में मजदूर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से इकट्ठा होकर अपनी लंबे समय से लंबित वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे। शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। (PTI Photo)
-
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने नारेबाजी की और प्रशासन से अपनी मांगों को पूरा करने की अपील की। उनका कहना था कि बढ़ती महंगाई के बीच वर्तमान वेतन पर्याप्त नहीं है। (PTI Photo)
-
हालांकि, कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई और प्रदर्शन उग्र हो गया। कुछ उपद्रवी तत्वों ने माहौल को भड़काने का काम किया, जिससे हालात नियंत्रण से बाहर होने लगे। (ANI Video Grab)
-
उग्र भीड़ ने कई वाहनों को निशाना बनाया और उनमें तोड़फोड़ की। इस दौरान सड़कों पर खड़े वाहनों के शीशे तोड़े गए और उन्हें नुकसान पहुंचाया गया। (PTI Photo)
-
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने एक वाहन में आग लगा दी। आग की लपटें और धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। (ANI Video Grab)
-
पुलिस के अनुसार, फेज-2 नोएडा इंडस्ट्रियल एरिया और सेक्टर 60 नोएडा में सबसे ज्यादा हिंसा की घटनाएं दर्ज की गईं। इन इलाकों में पथराव और तोड़फोड़ की कई घटनाएं सामने आई हैं। (PTI Photo)
-
हिंसा के कारण आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख सड़कों पर जाम लग गया, जिससे लोग घंटों तक फंसे रहे। (PTI Photo)
-
प्रदर्शन के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई। ऑफिस जाने वाले लोग और स्कूल बसें भी जाम में फंस गईं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। (PTI Photo)
-
हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। (PTI Photo)
-
पुलिस ने कहा है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर न्यूनतम बल का प्रयोग किया जा रहा है। (PTI Photo)
-
इस बीच, योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि हिंसा फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। (ANI Video Grab)
-
घटना के बाद दिल्ली में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। राजधानी में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। (ANI Video Grab)
-
दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर विशेष निगरानी की जा रही है और सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है ताकि कोई उपद्रवी तत्व शहर में प्रवेश न कर सके। (ANI Video Grab)
-
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वे उत्तर प्रेदेश पुलिस के संपर्क में हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। (PTI Photo)
-
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें। साथ ही यह भरोसा दिलाया गया है कि जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी। (PTI Photo)
(यह भी पढ़ें: Salary Hike Workers Protest Noida LIVE: सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात, कर्मचारियों को मानने की कोशिशें जारी)