-
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन से घायल हुए 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचाब के मामले में शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रम सामने आया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी साहिल लोचाब के साथ दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे और उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। (ANI Photo)
-
राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के बाद आरोप लगाया कि साहिल को एफआईआर दर्ज कराने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। इसके बाद उन्होंने साहिल लोचाब के साथ थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी धरने में शामिल हुईं। कुछ देर बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में FIR दर्ज करने की पुष्टि की। (ANI Video Grab)
-
पैलेट गन से चोट का दावा, राहुल ने दिखाए छर्रे
राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत के दौरान साहिल के शरीर से निकले पैलेट दिखाए और दावा किया कि उसके शरीर में 200 से अधिक छर्रे लगे हैं। उन्होंने कहा कि साहिल की एक आंख में भी पैलेट लगे हैं और उसकी रोशनी प्रभावित हुई है। राहुल ने यह भी दावा किया कि कुछ छर्रे उसके दिल के बेहद करीब हैं, जिन्हें निकालना संभव नहीं हो सका है। (PTI Photo) -
‘अगर पुलिस ने गोली नहीं चलाई तो पैलेट आए कहां से?’
राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस के उस कथित रुख पर सवाल उठाया कि पुलिसकर्मियों ने पैलेट नहीं चलाए। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने पैलेट नहीं चलाए तो फिर यह स्पष्ट होना चाहिए कि साहिल के शरीर में ये छर्रे कहां से आए। राहुल ने मामले में न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा कि जो भी इस कथित कार्रवाई के लिए जिम्मेदार है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। (ANI Photo) -
14 अगस्त को दी गई थी लिखित शिकायत
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, साहिल लोचाब और उसके वकीलों ने 14 अगस्त को दिल्ली पुलिस को सात पन्नों की लिखित शिकायत दी थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद उन्हें न तो आईओ नंबर दिया गया और न ही शिकायत की प्राप्ति का प्रमाण मिला। इसके बाद 17 अगस्त को ईमेल और फोन के जरिए मामले को पुलिस के सामने उठाया गया। (ANI Photo) -
अस्पताल में हुआ था इलाज और सर्जरी
साहिल लोचाब ने बताया कि 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान उसे पैलेट गन से चोट लगी थी। उसे पहले लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में एम्स रेफर किया गया। साहिल के अनुसार, एम्स में उसकी सर्जरी हुई, लेकिन अब भी उसकी आंख की दृष्टि स्पष्ट नहीं है। उसने कहा कि उसने अपने वकील के माध्यम से पुलिस को शिकायत सौंपी थी। (ANI Photo) -
अमित शाह और पीएम मोदी पर राहुल का निशाना
राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर हुई ऐसी कार्रवाई गंभीर मामला है। राहुल ने न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और मामले की जांच ऊपर से नीचे तक होनी चाहिए। (PTI Photo) -
जंतर-मंतर प्रदर्शन से शुरू हुआ था विवाद
20 जुलाई का ‘संसद चलो’ मार्च छात्रों के प्रदर्शन का हिस्सा था। यह प्रदर्शन परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और नीट पेपर लीक विवाद को लेकर किया गया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार पर छात्रों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया था। अब साहिल लोचाब की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। (ANI Photo)
(यह भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर मंतर का हाल, तस्वीरों में देखें छात्रों का जश्न)