-
भारत में गर्मियों का मौसम इंसानों के साथ-साथ पौधों के लिए भी बेहद कठिन होता है। खासकर बालकनी, छत और खुले स्थानों पर रखे गमलों वाले पौधे तेज धूप और गर्म हवाओं का सीधा सामना करते हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग यह सोचकर पौधों को बार-बार पानी देने लगते हैं कि इससे पौधे गर्मी से बच जाएंगे। लेकिन बागवानी एक्सपर्ट्स के अनुसार, गर्मियों में पौधों को जरूरत से ज्यादा पानी देना सबसे आम और खतरनाक गलती है। (Photo Source: Pexels)
-
कई बार अत्यधिक पानी पौधों की जड़ों को कमजोर कर देता है, जिससे पौधे जल्दी खराब होने लगते हैं। इसलिए यह समझना जरूरी है कि गर्म मौसम में मिट्टी, जड़ें और धूप किस तरह प्रतिक्रिया करती हैं। आइए जानते हैं कि गर्मियों में गलत तरीके से पानी देने से पौधों को कैसे नुकसान पहुंचता है और इससे बचने के सही उपाय क्या हैं। (Photo Source: Pexels)
-
ज्यादा पानी जड़ों को करती हैं खराब
अक्सर लोग पौधों की झुकी हुई पत्तियों को पानी की कमी समझ लेते हैं। जबकि कई बार ऐसा ज्यादा पानी की वजह से भी होता है। जरूरत से ज्यादा पानी मिट्टी के भीतर मौजूद हवा की जगह भर देता है, जिससे जड़ों तक ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। गर्मियों की नमी और गर्म वातावरण में यह समस्या और बढ़ जाती है। स्वस्थ जड़ों को जीवित रहने के लिए नमी के साथ ऑक्सीजन भी जरूरी होती है। (Photo Source: Pexels) -
दोपहर की तेज गर्मी में न दें पानी
कई लोग दोपहर की तेज धूप में पौधों पर पानी डाल देते हैं, जब गमले और मिट्टी बहुत गर्म हो चुके होते हैं। अचानक तापमान बदलने से पौधों की जड़ों और पत्तियों को झटका लग सकता है। इसके अलावा तेज गर्मी में पानी जल्दी भाप बनकर उड़ जाता है और जड़ों तक ठीक से नहीं पहुंच पाता। विशेषज्ञ सुबह जल्दी या शाम को पौधों में पानी देने की सलाह देते हैं। (Photo Source: Pexels) -
तेज धूप में पत्तियों को न करें गीला
गर्मी में लोग पौधों को ठंडक देने के लिए बार-बार पत्तियों पर पानी छिड़कते हैं। हालांकि हल्की फुहार कुछ समय के लिए राहत दे सकती है, लेकिन कई पौधों की पत्तियां तेज धूप में गीली रहने से खराब हो सकती हैं। इससे पत्तियों पर दाग पड़ सकते हैं या वे जल सकती हैं। इसलिए दोपहर के समय पत्तियों पर पानी डालने से बचना चाहिए और मिट्टी के पास पानी देना बेहतर माना जाता है। (Photo Source: Pexels) -
हर पौधे की पानी की जरूरत अलग होती है
सभी पौधों को एक समान पानी देना भी बड़ी गलती है। सक्युलेंट्स, फूल वाले पौधे, सब्जियां, जड़ी-बूटियां और इनडोर पौधों की पानी की जरूरत अलग-अलग होती है। उदाहरण के लिए स्नेक प्लांट और जेड प्लांट को कम पानी चाहिए, जबकि गुड़हल या सब्जियों वाले पौधों को ज्यादा नमी की जरूरत होती है। इसलिए पानी देने से पहले मिट्टी की नमी जांचना जरूरी है। (Photo Source: Pexels) -
खराब ड्रेनेज से होती है जड़ों में सड़न
अगर गमलों में पानी निकलने की सही व्यवस्था नहीं है, तो पौधे पर्याप्त पानी मिलने के बावजूद खराब हो सकते हैं। बिना ड्रेनेज वाले गमलों में पानी जमा रहता है, जिससे जड़ें लगातार गीली रहती हैं। गर्मियों में यह स्थिति फंगस, रूट रॉट और कीड़ों की समस्या बढ़ा सकती है। इसलिए हमेशा ऐसे गमले और मिट्टी का इस्तेमाल करें जिनमें पानी आसानी से निकल सके। (Photo Source: Pexels) -
सुबह के समय दें पानी
ज्यादातर बागवानी एक्सपर्ट्स सुबह के समय पौधों में पानी देने की सलाह देते हैं। सुबह पौधे बेहतर तरीके से नमी को अवशोषित कर लेते हैं, क्योंकि उस समय तापमान कम होता है। साथ ही दिनभर में अतिरिक्त नमी सूख जाती है, जिससे फंगल संक्रमण का खतरा कम होता है। बार-बार थोड़ा पानी देने की बजाय सुबह गहराई तक पानी देना ज्यादा लाभदायक माना जाता है। (Photo Source: Pexels) -
इस तरह से रखें पौधों को स्वस्थ
गर्मियों में पौधों की देखभाल करते समय यह समझना जरूरी है कि ज्यादा पानी हमेशा बेहतर नहीं होता। सही समय पर, सही मात्रा में और पौधे की जरूरत के अनुसार पानी देना ही स्वस्थ बागवानी की कुंजी है। थोड़ी सावधानी और सही जानकारी से आपके पौधे भी भीषण गर्मी में हरे-भरे और स्वस्थ रह सकते हैं। (Photo Source: Pexels)
(यह भी पढ़ें: अब घर पर ही मिलेगा अपना आम, गमले में ऐसे उगाएं आम का पौधा, जानें सही तरीका)