-
हममें से ज्यादातर लोग मानते हैं कि चिप्स, फ्रेंच फ्राइज या इंस्टेंट नूडल्स ही ज्यादा नमक वाले खाद्य पदार्थ हैं। लेकिन सच यह है कि रोजमर्रा में खाए जाने वाले कई ऐसे फूड्स भी हैं जिनमें छिपा हुआ सोडियम काफी अधिक होता है। यही वजह है कि बिना जाने-समझे हम दिनभर में जरूरत से ज्यादा नमक का सेवन कर लेते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, एक वयस्क व्यक्ति को पूरे दिन में 5 ग्राम (लगभग एक चम्मच) से कम नमक का सेवन करना चाहिए, जो लगभग 2,000 मिलीग्राम सोडियम के बराबर होता है। लगातार इससे अधिक नमक खाने से हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। आइए जानते हैं उन 10 खाद्य पदार्थों के बारे में, जिनमें आपकी सोच से कहीं ज्यादा नमक छिपा हो सकता है।
-
पैकेज्ड स्नैक्स और नमकीन
बेक्ड क्रैकर्स, नमकीन, फ्लेवर्ड पॉपकॉर्न और कई पैकेज्ड स्नैक्स कम तेल होने का दावा करते हैं, लेकिन इनमें स्वाद बढ़ाने के लिए भरपूर नमक मिलाया जाता है। इसलिए इन्हें सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए। -
ब्रेड
ब्रेड का स्वाद ज्यादा नमकीन नहीं लगता, लेकिन इसे रोजाना खाने की वजह से यह सोडियम का बड़ा स्रोत बन जाती है। चाहे सैंडविच ब्रेड हो, बर्गर बन या पाव, दिनभर में कई स्लाइस खाने से नमक की मात्रा तेजी से बढ़ सकती है। -
ब्रेकफास्ट सीरियल्स
सुबह नाश्ते में खाए जाने वाले पैकेज्ड सीरियल्स हेल्दी विकल्प लगते हैं, लेकिन कई ब्रांड्स में स्वाद और शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए काफी मात्रा में सोडियम मिलाया जाता है। इसलिए खरीदते समय न्यूट्रिशन लेबल जरूर पढ़ें। -
चीज
चीज कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, लेकिन इसमें सोडियम भी अधिक होता है। खासकर प्रोसेस्ड चीज़ स्लाइस, चीज़ स्प्रेड और हार्ड चीज़ में नमक की मात्रा ज्यादा हो सकती है। इसलिए इसे सीमित मात्रा में ही खाना बेहतर है। -
फ्लेवर्ड रोस्टेड नट्स
सादा बादाम, मूंगफली या काजू स्वास्थ्य के लिए अच्छे होते हैं, लेकिन मसाला, चीज़ या बारबेक्यू फ्लेवर वाले रोस्टेड नट्स में नमक काफी बढ़ जाता है। रोजाना के लिए बिना नमक या कम नमक वाले नट्स बेहतर विकल्प हैं। -
पैकेज्ड सूप
रेडी-टू-ईट या इंस्टेंट सूप स्वादिष्ट जरूर होते हैं, लेकिन इनमें फ्लेवर बढ़ाने के लिए काफी नमक डाला जाता है। कई बार एक कटोरी सूप ही आपकी दैनिक सोडियम सीमा का बड़ा हिस्सा पूरा कर देता है। -
अचार
आम, नींबू या मिक्स वेजिटेबल अचार लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए अधिक नमक में तैयार किए जाते हैं। थोड़ी मात्रा में अचार ठीक है, लेकिन हर भोजन के साथ ज्यादा मात्रा में खाने से सोडियम का सेवन काफी बढ़ सकता है। -
प्रोसेस्ड मीट
सॉसेज, सलामी, हैम, चिकन नगेट्स और अन्य प्रोसेस्ड मीट को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए नमक का इस्तेमाल किया जाता है। भले ही ये प्रोटीन से भरपूर हों, लेकिन इनमें सोडियम भी काफी ज्यादा होता है। -
रेस्टोरेंट की सलाद
सलाद को हमेशा हेल्दी माना जाता है, लेकिन रेस्टोरेंट में मिलने वाली सलाद में ड्रेसिंग, चीज, ऑलिव्स, क्रूटॉन्स और तरह-तरह की सॉस मिलाई जाती हैं, जिससे उसमें सोडियम की मात्रा काफी बढ़ सकती है। ड्रेसिंग अलग से मंगवाना बेहतर विकल्प हो सकता है। -
सॉस और कंडिमेंट्स
टोमैटो केचप, सोया सॉस, चिली सॉस, मेयोनेज़ और बाजार में मिलने वाली चटनियों में सोडियम की मात्रा काफी अधिक हो सकती है। खासतौर पर सोया सॉस सबसे ज्यादा नमक वाले कंडिमेंट्स में से एक माना जाता है।
(डिस्क्लेमर: नमक शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व है, लेकिन इसकी अधिक मात्रा स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। संतुलित मात्रा में नमक का सेवन और प्रोसेस्ड फूड्स से दूरी बनाकर आप हृदय और संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रख सकते हैं।)
(यह भी पढ़ें: बारिश होते ही बढ़ जाती है तली-भुनी चीजें खाने की क्रेविंग, जानिए इसके पीछे का साइंस)