-
भारतीय मिठाइयों का स्वाद सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के लोगों को पसंद आ रहा है। इसका ताजा उदाहरण मशहूर फूड और ट्रैवल गाइड टेस्टएटलस की वर्ल्ड्स 100 बेस्ट फ्रोजन डेजर्ट्स लिस्ट है, जिसमें भारत की तीन ट्रेडिशनल फ्रोजन मिठाइयों ने जगह बनाई है। इस प्रतिष्ठित लिस्ट में कुल्फी को 7वां, कुल्फी फालूदा को 33वां और मटका कुल्फी को 74वां स्थान मिला है। खास बात यह है कि पिछले साल कुल्फी 8वें स्थान पर थी और इस बार एक पायदान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गई है। (Photo Source: Pexels)
-
टॉप-10 में भारत की कुल्फी का दबदबा
टेस्टएटलस की लिस्ट में पहला स्थान इंग्लैंड की क्लॉटेड क्रीम आइसक्रीम को मिला है। दूसरे स्थान पर इटली की जेलाटो अल पिस्ताक्कियो, तीसरे पर तुर्किये की डोंदुर्मा, चौथे पर अमेरिका की फ्रोजन कस्टर्ड और पांचवें स्थान पर पेरू की क्रेमोलाडा रही। छठे स्थान पर जेलाटो आला नोच्चिओला (इटली), सातवें पर भारत की कुल्फी, आठवें पर जियांदूइया जेलाटो (इटली), नौवें पर टार्टूफो दी पिज्जो (इटली) और दसवें स्थान पर पेरू की केसो हेलाडो को जगह मिली। (Photo Source: Pexels) -
कुल्फी
टेस्टएटलस की लिस्ट में भारत का सबसे ऊंची रैंक पाने वाला फ्रोजन डेजर्ट कुल्फी रहा। इसे 4.3 की रेटिंग के साथ 7वां स्थान मिला। कुल्फी भारत के सबसे पुराने और लोकप्रिय फ्रोजन डेजर्ट्स में से एक है। इसे पूरे दूध को धीमी आंच पर लंबे समय तक पकाकर तैयार किया जाता है, जिससे दूध गाढ़ा होकर प्राकृतिक रूप से कैरेमल जैसा स्वाद विकसित कर लेता है। इसके बाद इसमें केसर, पिस्ता, इलायची, गुलाब जल या बादाम जैसे पारंपरिक फ्लेवर मिलाए जाते हैं और विशेष धातु के सांचों में जमाया जाता है। यही वजह है कि कुल्फी का स्वाद और बनावट सामान्य आइसक्रीम से बिल्कुल अलग होती है। (Photo Source: Pixabay) -
इतिहासकार कुल्फी की शुरुआत मुगल काल से जोड़ते हैं। माना जाता है कि शाही रसोइयों ने दूध को गाढ़ा करके उसमें सूखे मेवे और सुगंधित मसाले मिलाकर इस फ्रोजन डेजर्ट को तैयार किया था। उस समय हिमालय से लाई गई बर्फ की मदद से इसे ठंडा किया जाता था। बाद में कुल्फी शाही रसोई से निकलकर बाजारों और गलियों तक पहुंची और आज यह भारत के हर शहर में कुल्फीवालों से लेकर बड़े रेस्तरां तक आसानी से मिल जाती है। पिछले साल टेस्टएटलस की लिस्ट में कुल्फी 8वें स्थान पर थी, जबकि इस बार यह एक पायदान ऊपर चढ़कर 7वें स्थान पर पहुंच गई है। (Photo Source: Pixabay)
-
कुल्फी फालूदा
भारत का दूसरा फ्रोजन डेजर्ट कुल्फी फालूदा भी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फ्रोजन डेजर्ट्स में अपनी जगह बनाने में सफल रहा है। इसे लिस्ट में 4.0 की रेटिंग के साथ 33वां स्थान मिला है। यह केवल कुल्फी नहीं, बल्कि कई स्वादों और टेक्सचर का अनोखा संगम है। इसमें कुल्फी के साथ फालूदा सेव, सब्जा (तुलसी) के बीज, गुलाब शरबत, ठंडा दूध और कई बार जेली या सूखे मेवे भी मिलाए जाते हैं। गर्मियों में यह भारत के सबसे पसंदीदा फ्रोजन डेजर्ट्स में गिना जाता है। (Photo Source: Pixabay) -
कुल्फी फालूदा खासतौर पर उत्तर भारत में बेहद लोकप्रिय है और त्योहारों से लेकर पारिवारिक समारोहों तक इसकी अच्छी मांग रहती है। कुल्फी की गाढ़ी बनावट, फालूदा सेव की मुलायम बनावट और गुलाब के हल्के स्वाद का मेल इसे एक अनोखा फ्रोजन डेजर्ट बनाता है। यही खासियत इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिला रही है। (Photo Source: Pixabay)
-
मटका कुल्फी
मटका कुल्फी ने टेस्टएटलस की टॉप-100 लिस्ट में 3.1 की रेटिंग के साथ 74वां स्थान हासिल किया है। यह पारंपरिक कुल्फी का ही एक रूप है, लेकिन इसे मिट्टी के मटके या कुल्हड़ में जमाया जाता है। मिट्टी के बर्तन में जमने की वजह से इसका स्वाद और सुगंध सामान्य कुल्फी से थोड़ा अलग और अधिक समृद्ध मानी जाती है। (Photo Source: Pixabay) -
मटका कुल्फी को फुल-फैट दूध, मलाई, चीनी, केसर, पिस्ता, काजू और बादाम जैसी सामग्री से तैयार किया जाता है। दूध को लंबे समय तक पकाकर गाढ़ा किया जाता है, फिर इसमें मेवे मिलाकर मिश्रण को मटके में जमाया जाता है। परोसते समय ऊपर से कटे हुए मेवे डाले जाते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। पारंपरिक तरीके से बनने के कारण यह फ्रोजन डेजर्ट आज भी भारतीय खानपान की खास पहचान माना जाता है। (Photo Source: Pixabay)
(यह भी पढ़ें: जिसे किसान समझते हैं बीमारी, भुट्टे पर लगने वाली इस फंगस की विदेशों में है जबरदस्त डिमांड, बड़े चाव से खाते हैं लोग)