-
हर वर्ष 15 मई को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने की घोषणा संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 1993 में की थी। इसका उद्देश्य परिवारों से जुड़े मुद्दों के प्रति लोगों को जागरूक करना और समाज, अर्थव्यवस्था तथा जनसंख्या से जुड़े उन बदलावों को समझना है, जो परिवारों के जीवन को प्रभावित करते हैं। परिवार किसी भी समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई माना जाता है, क्योंकि यही बच्चों के पालन-पोषण, संस्कार और सामाजिक विकास की पहली नींव होता है। (Photo Source: Pexels)
-
साल 2026 के लिए इस दिवस की थीम ‘Families, Inequalities and Child Wellbeing’ यानी ‘परिवार, असमानताएं और बच्चों का कल्याण’ रखी गई है। यह थीम इस बात पर जोर देती है कि बढ़ती सामाजिक और आर्थिक असमानताएं किस तरह परिवारों के जीवन को प्रभावित कर रही हैं और बच्चों के भविष्य को आकार दे रही हैं। (Photo Source: Pexels)
-
परिवार किसी भी समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई होता है। बच्चों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास में परिवार की भूमिका सबसे अहम होती है। लेकिन आज दुनिया के कई परिवार आर्थिक असुरक्षा, देखभाल की सीमित सुविधाओं और स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी जरूरी सेवाओं तक असमान पहुंच जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। (Photo Source: Pexels)
-
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, जिन परिवारों को पर्याप्त आर्थिक और सामाजिक सहायता नहीं मिलती, उनके बच्चों के गरीबी में रहने की संभावना अधिक होती है। इसका असर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य के अवसरों पर लंबे समय तक पड़ सकता है। खासतौर पर जब यह समस्याएं लैंगिक भेदभाव, नस्लीय असमानता, प्रवासी स्थिति या दिव्यांगता जैसी चुनौतियों से जुड़ जाती हैं, तब स्थिति और गंभीर हो जाती है। (Photo Source: Pexels)
-
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस पर आय, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल पहुंच और अन्य आवश्यक सुविधाओं में मौजूद असमानताओं को उजागर किया जाएगा। साथ ही, यह संदेश दिया जाएगा कि सरकारों को परिवारों के लिए बेहतर सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू करनी चाहिए, जैसे- बच्चों के लिए आर्थिक सहायता, मैटरनिटी और मैटरनिटी लीव, किफायती चाइल्डकेयर और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधाएं। (Photo Source: Pexels)
-
इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों, विभिन्न एजेंसियों और नागरिक समाज संगठनों के बीच संवाद को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा, असमानता की वर्तमान स्थिति और संभावित समाधान पर आधारित एक नई शोध रिपोर्ट भी जारी की जाएगी, जो 2030 सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स के संदर्भ में महत्वपूर्ण होगी। (Photo Source: Pexels)
-
अगर इसके इतिहास की बात करें, तो 1980 के दशक में संयुक्त राष्ट्र ने पहली बार परिवार से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देना शुरू किया। वर्ष 1989 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अंतरराष्ट्रीय परिवार वर्ष घोषित किया, जिसे बाद में 1994 में मनाया गया। (Photo Source: Pexels)
-
इसके बाद वर्ष 1993 में यह निर्णय लिया गया कि हर साल 15 मई को अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन का उद्देश्य परिवारों की स्थिति को बेहतर बनाने और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर वैश्विक स्तर पर चर्चा करना है। (Photo Source: Pexels)
(यह भी पढ़ें: न ट्रैफिक का शोर, न भीड़ का तनाव, साइलेंस टूरिज्म का बढ़ रहा ट्रेंड, जानिए दुनिया की वो जगहें जहां शांति को जीते हैं लोग)