-
मानसून की बारिश जहां गर्मी से राहत देती है, वहीं रूफटॉप सोलर पैनल लगाने वाले लोगों के लिए कुछ चुनौतियां भी लेकर आती है। लगातार बारिश, तेज हवाएं, नमी और बिजली गिरने जैसी परिस्थितियां सोलर सिस्टम की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती हैं। हालांकि, कुछ आसान सावधानियां अपनाकर आप अपने सोलर पैनल को सुरक्षित रख सकते हैं और उसकी क्षमता को लंबे समय तक बनाए रख सकते हैं। आइए जानते हैं मानसून के दौरान सोलर पैनल की देखभाल के 6 जरूरी टिप्स। (Photo Source: Pexels)
-
मानसून से पहले करें सोलर पैनल की जांच
बारिश का मौसम शुरू होने से पहले यह सुनिश्चित करें कि आपके सोलर पैनल मजबूत तरीके से लगे हुए हैं। सभी बोल्ट, क्लैंप और माउंटिंग स्ट्रक्चर की जांच करें। यदि कोई हिस्सा ढीला है, तो उसे तुरंत ठीक करवाएं, क्योंकि तेज हवाओं और तूफान में इससे पैनल को नुकसान पहुंच सकता है। (Photo Source: Pexels) -
आसपास के पेड़ों की छंटाई करें
अगर सोलर पैनल के पास बड़े पेड़ हैं, तो उनकी कमजोर या ज्यादा फैली हुई शाखाओं की समय रहते कटाई कर दें। तेज बारिश और हवा के दौरान शाखाएं टूटकर पैनल पर गिर सकती हैं, जिससे नुकसान होने की संभावना बढ़ जाती है। (Photo Source: Pexels) -
केवल बारिश पर सफाई के लिए निर्भर न रहें
अक्सर लोग सोचते हैं कि बारिश का पानी सोलर पैनल को पूरी तरह साफ कर देता है, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। धूल, पत्तियां, पक्षियों की बीट और अन्य गंदगी पैनल की सतह पर जमा रह सकती है, जिससे बिजली उत्पादन कम हो सकता है। मौसम साफ होने के बाद पैनल को साफ पानी और मुलायम कपड़े या स्पंज से धीरे-धीरे साफ करें। कठोर ब्रश, तेज धार वाले उपकरण या रासायनिक क्लीनर का इस्तेमाल करने से बचें। (Photo Source: Pexels) -
इलेक्ट्रिकल सिस्टम की नियमित जांच करें
सिर्फ पैनल ही नहीं, बल्कि पूरे सोलर सिस्टम की जांच करना भी जरूरी है। वायरिंग, कनेक्टर, अर्थिंग और इन्वर्टर की नियमित जांच करें। यदि कहीं ढीले कनेक्शन, जंग या नमी के संकेत दिखाई दें, तो तुरंत किसी एक्सपर्ट् से मरम्मत करवाएं। इन्वर्टर को हमेशा ऐसी जगह रखें जहां बारिश का पानी या अत्यधिक नमी न पहुंच सके। (Photo Source: Pexels) -
बिजली गिरने और वोल्टेज फ्लक्चुएशन से करें बचाव
मानसून के दौरान बिजली गिरने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सही अर्थिंग और सर्ज प्रोटेक्शन सिस्टम सोलर सिस्टम को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह अचानक आने वाले हाई वोल्टेज से सिस्टम को नुकसान पहुंचने से बचाता है। (Photo Source: Pexels) -
सिस्टम की परफॉर्मेंस पर रखें नजर
बारिश के मौसम में समय-समय पर अपने सोलर सिस्टम की बिजली उत्पादन क्षमता पर नजर रखें। यदि अचानक बिजली उत्पादन कम हो जाए या इन्वर्टर पर कोई चेतावनी दिखाई दे, तो इसे नजरअंदाज न करें। ऑथराइज्ड टेक्नीशियन से तुरंत जांच करवाएं ताकि छोटी समस्या बड़ी खराबी में न बदल जाए। (Photo Source: Pexels)
(यह भी पढ़ें: UPI की वैश्विक उड़ान, अब विदेशों में भी QR स्कैन कर करें भुगतान, जानिए किन देशों में मिल रही है डिजिटल पेमेंट की सुविधा)