-
दिनभर की भागदौड़, तनाव और अनियमित दिनचर्या का असर हमारी नींद और पाचन दोनों पर पड़ता है। ऐसे में रात का खाना (डिनर) बहुत अहम भूमिका निभाता है। अक्सर लोग सोचते हैं कि रात में क्या खाया जाए, जिससे पेट भी हल्का रहे और सुबह तरोताजा महसूस हो। हालांकि कुछ पारंपरिक भारतीय व्यंजन ऐसे हैं, जो सुबह की बजाय रात में खाना अधिक फायदेमंद माना जाता है। ये भोजन आसानी से पचते हैं, पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं और अच्छी नींद लेने में भी मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 6 देसी भारतीय फूड्स के बारे में।
-
दलिया
दलिया फाइबर से भरपूर होता है और वजन नियंत्रित रखने के साथ-साथ पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। रात में सब्जियों, पनीर या मशरूम के साथ बना दलिया खाने से लंबे समय तक पेट भरा रहता है और देर रात भूख लगने की संभावना भी कम हो जाती है। यह हल्का होने के बावजूद शरीर को धीरे-धीरे ऊर्जा प्रदान करता है। -
इडली
इडली को आमतौर पर नाश्ते में खाया जाता है, लेकिन यह रात के खाने के लिए भी बेहतरीन विकल्प हो सकती है। चावल और उड़द दाल के घोल से बनने वाली इडली फर्मेंटेड होती है, जिससे यह आसानी से पचती है और शरीर पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है। इसे सांभर और नारियल की चटनी के साथ खाने से संतुलित भोजन तैयार हो जाता है। -
खिचड़ी
खिचड़ी को सबसे हल्के और संतुलित भोजन में गिना जाता है। चावल और दाल (मूंग या अरहर) से बनी खिचड़ी कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन का अच्छा स्रोत होती है। यह पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव नहीं डालती और रात के खाने के लिए बेहतरीन विकल्प मानी जाती है। इसे घी या दही के साथ खाने से यह और भी पौष्टिक तथा पेट के लिए फायदेमंद बन जाती है। -
लौकी
लौकी में पानी की मात्रा अधिक होती है और कैलोरी बहुत कम होती है। यही वजह है कि इसे रात के खाने के लिए उपयुक्त माना जाता है। लौकी की सब्जी, दाल-लौकी या लौकी का सूप शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ पाचन को भी आसान बनाता है। यह हल्का भोजन है, जो रात में पेट पर ज्यादा बोझ नहीं डालता। -
मूंग दाल
मूंग दाल सबसे आसानी से पचने वाली दालों में से एक मानी जाती है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, फोलेट और मैग्नीशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। रात में मूंग दाल को चावल या रोटी के साथ खाने से पेट हल्का रहता है और लंबे समय तक ऊर्जा मिलती है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी कम होता है, जिससे यह डायबिटीज के मरीजों के लिए भी एक अच्छा विकल्प हो सकती है। -
पनीर
पनीर प्रोटीन और कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, पनीर धीरे-धीरे पचता है, जिससे रातभर शरीर को अमीनो एसिड की लगातार आपूर्ति होती रहती है। रात के खाने में हल्का भुना या ग्रिल्ड पनीर, स्टीम्ड सब्जियों के साथ खाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। हालांकि, क्रीम या ज्यादा मसाले वाली पनीर की सब्जियों से बचना बेहतर रहता है।
(डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। यदि आपको कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या, पाचन संबंधी बीमारी या विशेष डाइट की आवश्यकता है, तो अपने डॉक्टर या प्रमाणित न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह अवश्य लें।)
(यह भी पढ़ें: गर्मियों में नाश्ते के लिए बेस्ट हैं ये स्टीम्ड साउथ इंडियन डिशेज, पाचन रहेगा दुरुस्त और शरीर रहेगा हल्का)