-
क्या उम्र बढ़ने का मतलब याददाश्त कमजोर होना, फोकस कम होना और सोचने-समझने की क्षमता घट जाना ही है? अब वैज्ञानिक ऐसा नहीं मानते। नई रिसर्च बताती है कि हमारा दिमाग उम्र के साथ भी खुद को बदलने और मजबूत बनाने की क्षमता रखता है। खास बात यह है कि इसके लिए महंगी दवाओं या कठिन उपायों की जरूरत नहीं, बल्कि कुछ आसान और मजेदार हॉबीज ही काफी हो सकती हैं। हाल ही में यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन की एक स्टडी में 3,500 से ज्यादा लोगों पर रिसर्च की गई। इसमें पाया गया कि जो लोग नियमित रूप से कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं, उनमें जैविक उम्र बढ़ने की प्रक्रिया धीमी होती है। रिसर्च के अनुसार, ऐसी गतिविधियां सेलुलर एजिंग को लगभग 4% तक धीमा कर सकती हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि दिमाग को सक्रिय, जिज्ञासु और भावनात्मक रूप से जुड़ा रखना ही असली कुंजी है। आइए जानते हैं ऐसी 8 आसान हॉबीज के बारे में जो दिमाग को लंबे समय तक जवान बनाए रखने में मदद कर सकती हैं। (Photo Source: Pexels)
-
डांस करना
डांस एक ऐसी एक्टिविटी है जो दिमाग और शरीर दोनों को एक साथ ट्रेन करती है। नए स्टेप्स सीखना, संगीत की ताल पर चलना और शरीर का संतुलन बनाए रखना दिमाग के कई हिस्सों को सक्रिय करता है। रिसर्च में डांस को बेहतर याददाश्त, मूड और मानसिक लचीलापन बढ़ाने से जोड़ा गया है। खासकर ग्रुप डांस अकेलेपन को कम करने में मदद करता है। (Photo Source: Pexels) -
गार्डनिंग
गार्डनिंग देखने में भले आसान लगे, लेकिन यह दिमाग के लिए काफी फायदेमंद गतिविधि है। पौधों की देखभाल में योजना बनाना, ध्यान देना, याद रखना और शारीरिक गतिविधि शामिल होती है। इससे तनाव कम होता है, मूड बेहतर रहता है और दिमाग तक ब्लड फ्लो बढ़ता है। तेज भागती जिंदगी में गार्डनिंग धैर्य और शांत फोकस सिखाती है, जिसकी बढ़ती उम्र में खास जरूरत होती है। (Photo Source: Pexels) -
नई भाषा सीखना
नई भाषा सीखना दिमाग के लिए जिम जैसा काम करता है। इससे याददाश्त, ध्यान और सोचने की गति बेहतर होती है। कई स्टडीज़ में पाया गया है कि जो लोग एक से ज्यादा भाषाएं जानते हैं, उनमें डिमेंशिया के लक्षण देर से दिखाई देते हैं। भाषा सीखने के लिए ऐप्स, ऑनलाइन क्लास या रोजमर्रा की प्रैक्टिस काफी मददगार हो सकती है। (Photo Source: Pexels) -
म्यूजियम और आर्ट गैलरी घूमना
सिर्फ कला बनाना ही नहीं, बल्कि म्यूजियम, आर्ट गैलरी या थिएटर जैसी जगहों पर जाना भी दिमाग को एक्टिव रखता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, ऐसी जगहें हमारी याददाश्त, भावनाओं, जिज्ञासा और सोचने की क्षमता को एक साथ सक्रिय करती हैं। किसी कलाकृति को ध्यान से देखना दिमाग के लिए एक तरह की मानसिक एक्सरसाइज जैसा होता है। (Photo Source: Pexels) -
पेंटिंग, स्केचिंग और आर्ट्स एंड क्राफ्ट
पेंटिंग, स्केचिंग, कढ़ाई, बुनाई, कॉलिग्राफी या मिट्टी से चीजें बनाना जैसी क्रिएटिव एक्टिविटीज दिमाग के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं। ये हॉबीज़ कल्पना, एकाग्रता, हाथों की मूवमेंट और भावनाओं को एक साथ सक्रिय करती हैं। रिसर्च के मुताबिक, ऐसी गतिविधियां दिमाग की “कॉग्निटिव रिजर्व” क्षमता बढ़ाती हैं, यानी उम्र या बीमारी के असर से लड़ने की ताकत। इसमें टैलेंट से ज्यादा जरूरी है लगातार कुछ नया सीखना और बनाना। (Photo Source: Pexels) -
बोर्ड गेम्स, शतरंज और पजल्स खेलना
शतरंज, सुडोकू, क्रॉसवर्ड या अन्य बोर्ड गेम्स दिमाग को लगातार चुनौती देते हैं। ये हॉबीज़ समस्या सुलझाने की क्षमता, याददाश्त, निर्णय लेने की ताकत और फोकस को बेहतर बनाती हैं। सामाजिक रूप से खेले जाने वाले गेम्स भावनात्मक जुड़ाव भी बढ़ाते हैं, जो मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। (Photo Source: Pexels) -
म्यूजिक सीखना या इंस्ट्रूमेंट बजाना
गाना गाना या कोई म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट सीखना दिमाग के लिए फुल बॉडी वर्कआउट जैसा है। इसमें नोट्स पढ़ना, ताल पकड़ना, हाथों और कानों का तालमेल बनाना शामिल होता है। रिसर्च बताती है कि म्यूजिक प्रैक्टिस करने वाले लोगों की याददाश्त और भाषा संबंधी क्षमता लंबे समय तक बेहतर बनी रहती है। जरूरी नहीं कि आप प्रोफेशनल म्यूजिशियन हों, शुरुआत करना ही काफी है। (Photo Source: Pexels) -
फिक्शन पढ़ना
कहानियां और उपन्यास पढ़ना दिमाग को सक्रिय रखने का सबसे आसान तरीका है। फिक्शन पढ़ते समय दिमाग किरदारों की भावनाएं समझता है, घटनाओं की कल्पना करता है और आगे क्या होगा इसका अनुमान लगाता है। इससे भाषा, रचनात्मकता और भावनात्मक समझ बेहतर होती है। पढ़ने से तनाव भी कम होता है, जो ब्रेन एजिंग को धीमा करने में मदद करता है। (Photo Source: Pexels)
(यह भी पढ़ें: एग्जाम में टॉप करना है तो एक्टिव रिकॉल को बनाएं अपनी आदत, जाने कैसे करें स्मार्ट तैयारी)