-
आज Google Image Search हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा है। किसी चीज की फोटो खोजनी हो, किसी सेलिब्रिटी को देखना हो या किसी जानकारी को विजुअल रूप में समझना हो, Google Images सबसे पहला सहारा बन चुका है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस इमेज सर्च इंजन की शुरुआत किसी तकनीकी जरूरत से नहीं, बल्कि हॉलीवुड की एक वायरल ड्रेस से हुई थी। (Photo Source: Pexels)
-
यह कहानी है हॉलीवुड की सुपरस्टार जेनिफर लोपेज (Jennifer Lopez) और उनकी मशहूर ग्रीन वर्साचे ड्रेस की, जिसने साल 2000 में इंटरनेट की दिशा ही बदल दी। (Photo Source: Versace/Facebook)
-
2000 ग्रैमी अवॉर्ड्स और वायरल ड्रेस
23 फरवरी 2000 को लॉस एंजेलिस में हुए Grammy Awards में जेनिफर लोपेज ने जब हरे रंग की सिल्क शिफॉन की डीप-कट Versace ड्रेस पहनी, तो रेड कार्पेट पर हलचल मच गई। इस ड्रेस को डिजाइन किया था Donatella Versace ने। (Photo Source: Versace/Facebook) -
यह ड्रेस डीप नेकलाइन और बोल्ड कट के कारण तुरंत ही चर्चा का विषय बन गई। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले यह ड्रेस 1999 के Met Gala में खुद डोनाटेला पहन चुकी थीं और 2000 की शुरुआत में मॉडल एम्बर वैलेटा इसे रैंप पर उतार चुकी थीं, लेकिन असली पहचान इसे जेनिफर लोपेज ने दिलाई। (Photo Source: Versace/Facebook)
-
रेड कार्पेट पर जेनिफर लोपेज को देखते ही फोटोग्राफर्स टूट पड़े। स्टेज पर उनके साथ मौजूद एक्टर डेविड डचोवनी ने मजाक में कहा था, “यह पहली बार है जब मुझे पूरा यकीन है कि कोई मेरी तरफ नहीं देख रहा।” (Photo Source: Versace/Facebook)
-
इंटरनेट पर मचा तहलका
ग्रैमी के बाद के दिनों में यह ड्रेस टीवी शो, अखबारों, मैगजीन और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर छा गई। सिर्फ 24 घंटों में ग्रैमी वेबसाइट से 6 लाख से ज्यादा बार जेनिफर लोपेज की तस्वीरें डाउनलोड की गईं। (Photo Source: Versace/Facebook) -
लोग Google पर लगातार एक ही चीज सर्च कर रहे थे- “Jennifer Lopez green Versace dress”। लेकिन उस समय Google सिर्फ टेक्स्ट और लिंक दिखाता था। तस्वीरें दिखाने का कोई विकल्प मौजूद नहीं था। (Photo Source: Pexels)
-
जब Google को बदलना पड़ा खुद को
Google के इंजीनियर्स ने महसूस किया कि उनकी अब तक की सबसे पॉपुलर सर्च क्वेरी का वे सही जवाब ही नहीं दे पा रहे हैं। यूजर्स लिंक नहीं, तस्वीरें देखना चाहते थे। यहीं से Google Images का आइडिया जन्मा। इंजीनियर हुइकान झू (Huican Zhu) और प्रोडक्ट मैनेजर सुसन वोजसिकी (Susan Wojcicki) को एक नया इमेज सर्च टूल बनाने की जिम्मेदारी दी गई। (Photo Source: Pexels) -
Google Images की शुरुआत
करीब एक साल की मेहनत के बाद जुलाई 2001 में Google Images आधिकारिक रूप से लॉन्च हुआ। 2010 तक यह प्लेटफॉर्म 10 अरब से ज्यादा इमेजेज को इंडेक्स कर चुका था। (Photo Source: Pexels) -
पूर्व Google CEO एरिक श्मिट ने 2015 में खुलकर स्वीकार किया कि जेनिफर लोपेज की वही ड्रेस Google Images की प्रेरणा बनी। उन्होंने लिखा, “लोग सिर्फ टेक्स्ट नहीं, उससे ज्यादा चाहते थे। और यह बात हमें तब समझ आई जब जेनिफर लोपेज ने वह हरी ड्रेस पहनी।” (Photo Source: Pexels)
-
उन्होंने आगे लिखा- “हमारे पास लोगों को वही दिखाने का कोई तरीका नहीं था जो वे देखना चाहते थे। यहीं से Google Images का जन्म हुआ।” Google ने भी अपने ब्लॉग में माना कि “जब सर्च टीम समझ गई कि लोग टेक्स्ट नहीं, तस्वीर चाहते हैं, तब Google Images बनाने का फैसला हुआ।” (Photo Source: Pexels)
-
20 साल बाद भी वही जादू
साल 2020 में, 50 साल की उम्र में, जेनिफर लोपेज ने Milan Fashion Week में उसी ग्रीन ड्रेस का मॉडर्न वर्जन पहनकर फिर से इतिहास दोहरा दिया। शो के दौरान दीवारों पर Google Image Search के रिजल्ट्स प्रोजेक्ट किए गए, एक तरह से उस ड्रेस को टेक्नोलॉजी को बदलने का सम्मान। (Photo Source: Versace/Facebook) -
आज जब हम Google पर “Show me pictures” कहते हैं, तो इसके पीछे जेनिफर लोपेज की वह ऐतिहासिक ड्रेस छुपी है, जिसने साबित कर दिया कि कभी-कभी पॉप कल्चर भी टेक्नोलॉजी से बड़ा बदलाव ला सकता है। (Photo Source: Versace/Facebook)
-
बता दें, जेनिफर लोपेज आज दुनिया की सबसे अमीर महिला एंटरटेनर्स में से एक हैं और एक पब्लिक अपीयरेंस के लिए करोड़ों रुपये चार्ज करती हैं। वह सिर्फ एक पब्लिक अपीयरेंस के लिए करीब 2 मिलियन डॉलर (17–18 करोड़ रुपये) तक चार्ज करती हैं। (Photo Source: Versace/Facebook)
(यह भी पढ़ें: सोना कैसे बनता है? जानिए गोल्ड का हैरान करने वाला सच)