यह कैसी बकरीद… हजयात्रा बना मौतयात्रा: मक्का में भगदड़ से 717 की मौत, 14 भारतीय सहित 863 घायल
- 1 / 13
सऊदी अरब के पवित्र मक्का शहर के पास मीना में शैतान को कंकड़ मारने की हज की रस्म के लिए आगे बढ़ने के दौरान मची भगदड़ में कम से कम 717 लोगों की मौत हो गई और 860 से अधिक घायल हो गए। घायलों में 14 भारतीय नागरिक भी हैं। पिछले एक दशक में हज के दौरान हुई यह सबसे भयावह दुर्घटना है।
- 2 / 13
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मक्का में भगदड़ में हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। साथ ही शोक संतप्त परिवारों के लिए अपनी गहरी संवेदना जताई है। छह दिन की यात्रा पर अमेरिका पहुंचे मोदी ने ट्वीट किया- मक्का से बड़ी दुखद खबर है। (फोटो: रॉयटर्स)
- 3 / 13
भगदड़ के कारण हुई लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ। ऐसे लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है। घायलों के लिए (शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से) प्रार्थना करता हूं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी भगदड़ में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने हज यात्रियों की सलामती की कामना की और उम्मीद जताई कि मीना में भारतीय नागरिक सुरक्षित होंगे। (फोटो: रॉयटर्स)
- 4 / 13
दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह जेद्दा में भारतीय दूतावास भगदड़ के बाद की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। मक्का में इस साल हज यात्रा कर रहे 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं में डेढ़ लाख से अधिक भारतीय शामिल हैं। विदेश विभाग के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, ‘जेद्दा में हमारा दूतावास भगदड़ के बाद हालात पर लगातार नजर रख रहा है।’ (फोटो: एपी)
- 5 / 13
अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला ने भी इस पर क्षोभ जताया है। उन्होंने कहा, ‘मीना में भगदड़ की खबर से मैं काफी दुखी हूं और जिन लोगों की मौत हुई है उनके परिजन से सांत्वना जताती हूं।’ (फोटो: एपी)
- 6 / 13
सरकारी सऊदी प्रेस एजंसी ने खबर दी है कि शैतान को कंकड़ मारने की रस्म के लिए जमारात जा रहे लोगों की भीड़ अचानक बढ़ गई जिसके बाद यह हादसा हुआ। यह हादसा भारतीय समय अनुसार दिन में 11:30 बजे हुआ। उसने कहा कि यह घटना जमारात को जाने वाले दो रास्तों को जोड़ने वाले स्थान पर हुई। (फोटो: एपी)
- 7 / 13
सऊदी नागरिक रक्षा प्रशासन का कहना है कि अलग-अलग देशों के 717 हजयात्री मारे गए हैं और 863 लोग घायल हो गए हैं। इस साल करीब डेढ़ लाख भारतीयों सहित 20 लाख से ज्यादा हजयात्री यहां आए हैं। जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि अब तक हादसे में किसी भारतीय के मारे जाने की जानकारी नहीं है। असम से आए दो हजयात्री घायल हुए हैं और इनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (फोटो: एपी)
- 8 / 13
भारतीय हज मिशन के चिकित्सकों को मीना और मक्का के विभिन्न अस्पतालों में तैनात किया गया है ताकि यह पता किया जा सके कि क्या और भारतीय हताहत हुए हैं। बयान में कहा गया है कि भारतीय वाणिज्य दूतावास वहां स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उसने कहा कि भगदड़ से प्रभावित इलाके में अफ्रीका और अरब देशों के हजयात्रियों के शिविर हैं। (फोटो: एपी)
- 9 / 13
यह भगदड़ कुछ ही दिन पहले हुए उस हादसे के बाद हुई है जिसमें मक्का की बड़ी मस्जिद में एक विशाल क्रेन गिरने से 11 भारतीयों सहित 115 लोगों की मौत हो गई थी। मीना में हुई इस भगदड़ के बाद से राहत कार्य चलाया जा रहा है। (फोटो: एपी)
- 10 / 13
चश्मदीदों ने बताया कि हादसा मीना के स्ट्रीट 204 के निकट स्थित जमारत ब्रिज के प्रवेशद्वार पर हुआ, उस जगह पर नहीं जहां शैतान को कंकड़ मारे जाने की रस्म अदा की जाती है। हादसे की जगह पर दो चिकित्सा दल भेजे गए हैं। (फोटो: एपी)
- 11 / 13
आंध्र प्रदेश के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आबिद रसूल खान ने बताया- मेरे शिविर में करीब चार सौ हजयात्री थे। वे सभी सुरक्षित हैं, लेकिन मैं कुछ लोगों को फोन कर अन्य लोगों की खैरियत के बारे में दरयाफ्त कर रहा हूं।’ (फोटो: एपी)
- 12 / 13
सभी घायलों को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सभी की हालत ठीक बताई गई है।
- 13 / 13
हादसे की जगह से मिले टीवी फुटेज में पूरी जगह पर घायल ही घायल दिखाई पड़ रहे हैं। महिलाएं और वृद्ध चीख पुकार मचा रहे हैं। मीना में पहले भी इस तरह की भगदड़ मच चुकी है और उसमें सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। (फोटो: एपी)